चोरों ने सिवनपाट गाँव में नल-जल योजना का पाइप उड़ाया

चोपना पुलिस थाना अंतर्गत सिवनपाट गाँव मे चोरों ने नल जल योजना का पाइप चोरी कर पुलिस को चुनौती दी है। अज्ञात चोरों ने सीवनपाट के ग्राम पंचायत परिसर में अक्टूबर महीने से रखे हुए पीएचई विभाग के ठेकेदार के एचडीपीई पाइप के दो रोल पार कर दिए हैं। यहां रखे गए पाइप के ढेर में से दो रोल गायब होने का पता ठेकेदार को अब उस समय चला जब पाइप लाइन का काम अंतिम दौर पर आ गया और पाइप कम पड़ गया। पूरे गांव में बिछाई गई पाइप लाइन का मेजरमेंट कराने पर यह खुलासा हुआ कि ग्राम पंचायत परिसर में अक्टूबर में उतारे गए 90 एमएम के दो पाइप रोल चोरी हुए हैं। चोरी गए पाइप की कीमत ₹93000 है। ठेकेदार द्वारा इस मामले में 26 जनवरी को चोपना पुलिस में आवेदन देकर कार्यवाही करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले में जांच और पूछताछ शुरू कर दी है।

SP ने SDOP को दिए कार्यवाही के निर्देश

गौरतलब है कि 26 जनवरी को चोपना पुलिस थाने में राष्ट्रीय स्तर का सम्मान मिलने पर स्टाफ के सम्मान का कार्यक्रम था जहां पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद, एडिशनल एसपी नीरज सोनी, एसडीओपी रोशन जैन, शाहपुर एसडीओपी एचएल शर्मा आदि भी मौजूद थे। उसी समय ठेकेदार से चोरी का आवेदन प्राप्त होने पर एसपी सिमाला प्रसाद ने एसडीओपी रोशन जैन को इस मामले में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

आधा दर्जन चोरों के शामिल होने की संभावना

एचडीपीई पाइप के दो रोल चोरी के मामले में आधा दर्जन चोरों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। पता चला है कि एचडीपीई के एक रोल को उठाने के लिए भी 7-8 लोगों की जरूरत पड़ती है। एक रोल का घेरा और वजन इतना होता है कि एक दो लोग इसे उठाकर नहीं ले जा सकते। अतः इस वारदात को अंजाम देने में आधा दर्जन से अधिक चोरों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.