Betul : युवा दिवस पर बैतूल गौरव बनेंगे जिले के 6 कर्मयोगी स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह में वीवीएम करेगा सम्मान
बैतूल। विवेकानंद विज्ञान महाविद्यालय परिवार द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह एवं 28वें वार्षिकोत्सव एक नई आशा-2023 का आयोजन 10 जनवरी से 12 जनवरी तक किया जा रहा है। 12 जनवरी को इसी कड़ी में अपरान्ह 3 बजे से बैतूल गौरव सम्मान समारोह का आयोजन मुख्य अतिथि डॉ राकेश तिवारी प्राचार्य जेएच कॉलेज बैतूल, विशिष्टि अतिथि डॉ विद्या चौधरी प्राचार्य गल्र्स कॉलेज बैतूल, महाविद्यालय परिवार के सदस्य एवं यूनिक शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष संजय बालापुरे, सचिव निर्गुण देशमुख, सह सचिव कमलेश गढ़ेकर की मौजूदगी में किया जा रहा है। सम्मान समारोह की अध्यक्षता यूनिक शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ विजय साबले द्वारा की जाएगी।
तीन दिवसीय समारोह में 10 जनवरी को शतरंज, बैडमिंटन, कुर्सी दौड़, 11 जनवरी को रंगोली, चित्रकला, प्रश्रमंच, वाद-विवाद, डिजीटल फोटोग्राफी एवं लघु फिल्म प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ खासदेव ने बताया कि 12 जनवरी को जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता, सामूहिक नृत्य, एकल गीत, नाटक आदि का आयोजन भी किया जा रहा है। युवा दिवस 12 जनवरी के अवसर पर शाम 4 बजे से आयोजित पुरुस्कार वितरण कार्यक्रम में 10 से 12 जनवरी तक आयोजित सभी प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरण किया जाएगा।
इन कर्मयोगियों का होगा सम्मान
विवेकानंद जयंती समारोह के संयोजक उज्जवल पांसे एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ के खासदेव ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा जिले की छह प्रतिभाओं को बैतूल गौरव सम्मान के लिए चुना है। जिले की ये शख्सियतें विभिन्न क्षेत्रों में वर्षों से निस्वार्थ भाव से कार्य कर ही है तो कुछ ऐसे नाम है जिन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा देश में मनवाया। यह सम्मान स्वच्छता, पर्यावरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक, सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रदान किया जा रहा है। श्री पांसे ने बताया कि कैंसर फाईटर हेमंत चन्द्र दुबे को कैंसर के प्रति जागरुकता लाने के अलावा खेलों के प्रति समर्पित भाव से काम करने व आजादी के अमृत महोत्सव पर बैतूल को कैंसर मुक्त बनाने 75 दिन-75 कदम अभियान संचालित करने पर कृतज्ञता स्वरुप बैतूल गौरव सम्मान से नवाजा जाएगा। राष्ट्रीय युवा पुरुस्कार प्राप्त गौरी बालापुरे पदम को देश की सरहदों पर तैनात सैनिकों के साथ 23 वर्ष से लगातार रक्षा बंधन का पर्व मनाने, ऑटो एम्बुलेंस योजना, सशक्त सुरक्षा पैड बैंक एवं कैंसर पीडि़तों के लिए चलाए जा रहे हेयर फॉर होप इंडिया कैम्पेन एवं पत्रकारिता के लिए बैतूल गौरव अवार्ड से सम्मानित किया जा रहा है। डांस इंडिया डांस सुपर मॉम साधना मिश्रा को बैतूल का नाम पूरे देश में गौरवान्वित करने व जिले की प्रतिभाओं को निखारने के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए, ग्रीन टाईगर्स के संचालक तरुण वैध को प्रकृति संरक्षण, जल संरक्षण के अलावा युवाओं को सेवा से जोडऩे में अहम भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया जाएगा। जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ आनंद मालवीय को कोरोना काल में दी गई सेवाओं एवं डॉ विनोद बर्डे को सर्वाधिक आई सर्जरी के लिए बैतूल गौरव सम्मान दिया जा रहा है।