शानो-शौकत से निकाला ईद-मिलादुन्नबी का जुलूस
पथाखेड़ा । पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब की आमद की याद में इतवार को शहर में मुस्लिम समाज की ओर से ईद-मिलादुन्नबी का जुलूस शानो-शौकत के साथ निकाला गया। इसे पूरे शहर में घुमाया गया। जुलूस में शामिल लोगों ने मोहम्मद साहब की शान में नाते पाक व कसीदे पढ़े। शहर में जगह-जगह लंगर का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए।
अंजुमन कमेटी के पदाधिकारियों की ओर से ईद-मिलादुन्नबी पर जुलूस निकालने की तैयारी सप्ताहभर पहले ही शुरू कर दी गई थी।इतवार सुबह 8 बजे से अकीदत के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस में मदीना शरीफ की आकर्षक झांकियों के साथ डीजे व बैंड शामिल किए गए थे। मोहम्मद साहब की आमद की याद की खुशी में लोगों ने सरकार की आमद मरहबा के साथ साथ हिंदुस्तान ज़िंदाबाद नारे बुलंद किए। जुलुस के साथ लोग नाते पाक व कसीदे पढ़ते हुए चल रहे थे।
इस मौके पर एसडीओपी रोशन जेन , थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे , चौकी प्रभारी रवि शाक्य एवं पुलिस बल मौजूद था। जुलूस जामा मस्जिद से न्यू मार्केट, प्रेम नगर, आजाद नगर, पटेल नगर पुराना बजार, बड़े स्कूल, बस स्टैंड से होते हुए जामा मस्जिद पर समाप्त हुआ।
। हाफिज रहमत अली ने बताया कि अगर ये ईद न होती तो ईद-उल फित्र व ईद-उल अजहा का तसव्वुर न होता। हमारे नबी मोहम्मद साहब गरीबों, यतीमों बेवाओं के मददगार थे । उन्होंने सबसे पहले बेटी बचाओ का मिशन चलाया था और औरतों के हक की लड़ाई शुरू की थी। उन्होंने सारी दुनिया को अमन व भाईचारे का पैगाम दिया। जुलूस का नेतृत्व करने वालों में पथाखेड़ा के इमाम शाहादत हुसैन , हाफिज बिलाल एवं अब्दुल रब, मास्टर सगीर,पिंटू भाई,वज़ीर अंसारी ,गुल्लु गुफरान,मुस्ताक अंसारी ,सोहेल,ताहिर पार्सद,अनीस कुरैशी,सरफ़राज़ अंसारी आदि शामिल रहे।