*रणजी ट्रॉफी के लिए मध्यप्रदेश की सीनियर टीम घोषित*

 

*नर्मदापुरम के अथर्व महाजन और हिमांशु शिंदे का चयन, यश दुबे भी टीम में शामिल*

*नर्मदापुरम, 30 सितंबर 2026*
बीसीसीआई रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी 17 सदस्यीय सीनियर टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान अनुभवी बल्लेबाज शुभम शर्मा को सौंपी गई है। मध्यप्रदेश की घोषित टीम में नर्मदापुरम संभाग के तीन खिलाड़ियों यश दुबे, अथर्व महाजन और हिमांशु शिंदे को स्थान मिला है। तीनों खिलाड़ियों के चयन से नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट संघ में हर्ष का माहौल है।
नर्मदा पुरम संभाग क्रिकेट संघ के *मानद सचिव श्री प्रदीप सिंह तोमर* ने बताया कि नर्मदापुरम संभाग के खिलाड़ियों ने लगातार विभिन्न आयु वर्गों तथाअंतर-संभागीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। इसी निरंतर प्रदर्शन का परिणाम है कि संभाग के तीन खिलाड़ियों को मध्यप्रदेश की रणजी टीम में स्थान प्राप्त हुआ है।

*चिन्नास्वामी स्टेडियम में अथर्व की शानदार पारी ने खींचा ध्यान*
नर्मदापुरम के प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज अथर्व महाजन के चयन को विशेष उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। अथर्व पिछले कई वर्षों से मध्यप्रदेश की जूनियर टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों में खेलते हुए अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है। इसके अलावा अंतर-संभागीय प्रतियोगिताओं और मध्यप्रदेश क्रिकेट लीग (एमपीएल) में भी उनका प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है।हाल ही में बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आंध्र प्रदेश के खिलाफ अथर्व महाजन ने मात्र 131 गेंदों पर 140 रनों की शानदार और मैच जिताऊ पारी खेली थी। उनकी इस आक्रामक एवं प्रभावी पारी की क्रिकेट जगत में चर्चा हुई और उन्होंने अपनी निरंतरता तथा बड़े मंच पर प्रदर्शन करने की क्षमता का परिचय दिया।

*हिमांशु शिंदे को भी निरंतर प्रदर्शन का मिला पुरस्कार*
नर्मदापुरम संभाग के ही युवा खिलाड़ी हिमांशु शिंदे को भी रणजी टीम में स्थान मिला है। हिमांशु ने अंतर-संभागीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ मध्यप्रदेश क्रिकेट लीग में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उनके निरंतर प्रदर्शन, खेल के प्रति अनुशासन और टीम के लिए उपयोगी योगदान ने उन्हें प्रदेश की सीनियर टीम तक पहुंचाया है।
*यश दुबे का अनुभव भी टीम के लिए महत्वपूर्ण*
नर्मदापुरम संभाग के अनुभवी बल्लेबाज यश दुबे को भी रणजी टीम में शामिल किया गया है। यश लंबे समय से मध्यप्रदेश क्रिकेट का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं और रणजी स्तर पर उनके अनुभव का लाभ टीम को मिलेगा।

*मध्यप्रदेश की 17 सदस्यीय टीम*
रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए घोषित मध्यप्रदेश की टीम में *शुभम शर्मा (कप्तान), यश दुबे, हर्ष गवली (विकेटकीपर), हिमांशु मंत्री (विकेटकीपर), चंचल राठौर, हिमांशु शिंदे, सारांश जैन, कुमार कार्तिकेय, शिवांग कुमार, आर्यन पांडे, अनुभव अग्रवाल, रोशन केवट, अक्षय शर्मा, आवेश खान, कुलदीप सेन और रवि किरण* शामिल हैं।
टीम के मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित होंगे, जबकि अब्दुस समद खान फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सभी चयनित खिलाड़ियों को *2 अक्टूबर 2026* को होलकर स्टेडियम, इंदौर में रिपोर्ट करना है। कैंप प्रारंभ होने से पूर्व फिजियो द्वारा सभी खिलाड़ियों का फिटनेस टेस्ट भी किया जाएगा।

*नर्मदापुरम क्रिकेट के लिए गौरव का अवसर*
MPCA मैनेजिंग कमेटी सदस्य *श्री अनुराग मिश्रा* ने अथर्व महाजन,हिमांशु शिंदे और यश दुबे के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अथर्व महाजन एवं हिमांशु शिंदे नर्मदापुरम संभाग की टीम का हिस्सा लगातार रहे है अथर्व 2022-23 के सत्र में अंडर-19 वन डे एवं सत्र 2025-26 में अंडर-23 में स्टेट ए ट्रॉफी और सी के नायुडू ट्रॉफी के लिए मध्यप्रदेश टीम का हिस्सा रह चुके है।जबकि हिमांशु शिंदे विगत वर्ष में रणजी ट्रॉफी टीम कैम्प में शामिल रह चुके है। साथ-साथ अंतर-संभागीय प्रतियोगिताओं और मध्यप्रदेश क्रिकेट लीग में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। हालिया प्रतियोगिताओं में उनके प्रदर्शन ने यह साबित किया है कि वह बड़े स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि हिमांशु शिंदे ने भी अंतर-संभागीय प्रतियोगिताओं और मध्यप्रदेश क्रिकेट लीग में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी जगह बनाई है। दोनों खिलाड़ियों का रणजी टीम में चयन नर्मदापुरम संभाग के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायी है और इससे क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलेगा।

नर्मदा पुरम संभाग क्रिकेट संघ के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने यश दुबे, अथर्व महाजन और हिमांशु शिंदे को मध्यप्रदेश की रणजी टीम में चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके उज्ज्वल क्रिकेट भविष्य की कामना की है।
संघ पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि नर्मदापुरम संभाग के ये खिलाड़ी आगामी रणजी ट्रॉफी में अपने प्रदर्शन से मध्यप्रदेश क्रिकेट को गौरवान्वित करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.