नर्मदापुरम के अतुल कुमार की शानदार उपलब्धि, अंडर-16 जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन
नर्मदापुरम। अपनी अथक मेहनत, अटूट लगन और तीन वर्षों के निरंतर संघर्ष के दम पर नर्मदापुरम के युवा एथलीट अतुल कुमार, पिता श्री रोशन कुमार, ने खेल जगत में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक नई पहचान बनाई है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) की क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ इंटर-डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पदक जीतकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
अतुल ने केवी रीजनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2024-25 में तीन स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद सत्र 2025-26 में भी लगातार तीन स्वर्ण पदक हासिल कर नेशनल प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई। वहीं, सत्र 2026-27 की केवी रीजनल प्रतियोगिता में उन्होंने एक स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का गौरव प्राप्त किया।
उनकी उपलब्धियों का सिलसिला यहीं नहीं रुका। हाल ही में आयोजित इंटर-डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अतुल ने 60 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक तथा 600 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि के आधार पर उनका चयन हैदराबाद में आयोजित होने वाली अंडर-16 जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026-27 के लिए हुआ है। यह उपलब्धि अतुल की प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत का प्रमाण है।
अतुल के कोच श्री तरुण रावत ने बताया कि सीमित संसाधनों और सुविधाओं के बावजूद अतुल पिछले तीन वर्षों से ग्रोफिट एकेडमी, नर्मदापुरम में पूरी लगन और समर्पण के साथ अभ्यास कर रहे हैं। उनकी नियमित मेहनत, खेल के प्रति जुनून और बेहतर प्रदर्शन करने की इच्छाशक्ति ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
अतुल की इस सफलता में उनके कोच श्री तरुण रावत सर एवं श्री अनुराग मिश्रा सर का शुरुआत से लेकर अब तक महत्वपूर्ण मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग रहा है। साथ ही, उनके परिवार ने भी हर कदम पर उनका साथ देकर उनके आत्मविश्वास को मजबूत किया है।
अतुल की इस शानदार उपलब्धि से नर्मदापुरम के खेल जगत में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, उचित मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के बल पर सीमित संसाधनों में भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।
समस्त खेल प्रेमियों, खेल प्रशिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने अतुल कुमार को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।