नगर परिषद द्वारा तिरंगा आयोजन कार्यक्रम,
मानव श्रृंखला से बनाई भारत की भव्य आकृति
आठनेर,। 13 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में नगर परिषद आठनेर द्वारा तिरंगा आयोजन कार्यक्रम के अंतर्गत 13 अगस्त को नगर के मुख्य मार्गों से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुषमा मनोज जगताप, जनपद पंचायत अध्यक्ष रोशनी इवने, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोवर्धन राने, नगर परिषद उपाध्यक्ष विनय जीतपुरे एवं विधायक प्रतिनिधि मनोज जगताप सहित नगर परिषद के सभी पार्षदगण एवं एल्डरमैन उपस्थित रहे।
तिरंगा यात्रा में नगर के समाजसेवी, व्यापारी संघ के सदस्य, गणमान्य नागरिक, पत्रकार बंधु, शासकीय एवं अर्धशासकीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
यात्रा का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद तिरंगे के साथ देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बस स्टैंड पहुंची, जहां शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके पश्चात डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
यात्रा के दौरान शासकीय एवं अर्धशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् एवं देशभक्ति के नारों से नगर को गुंजायमान कर दिया। नगरवासियों ने जगह-जगह तिरंगा यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
नगर परिषद द्वारा यात्रा में शामिल स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए बिस्कुट पैकेट का वितरण किया गया तथा पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की गई।
तिरंगा यात्रा के पश्चात पुलिस ग्राउंड में नगर परिषद द्वारा विशेष आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने मानव श्रृंखला बनाकर भारत की भव्य आकृति तैयार की, जिसने सभी का मन मोह लिया और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में छात्रावास के बच्चों द्वारा आदिवासी संस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने खूब सराहा।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष सुषमा मनोज जगताप ने तिरंगा आयोजन एवं यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद के सभी पार्षदगण एवं एल्डरमैन, शासकीय एवं अर्धशासकीय संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, समाजसेवियों, व्यापारी संघ के सदस्यों, गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकार बंधुओं तथा समस्त नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करते हैं। आठनेर में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के जयकारों, नगरवासियों द्वारा पुष्पवर्षा से स्वागत, आदिवासी सांस्कृतिक प्रस्तुति तथा मानव श्रृंखला से बनाई गई भारत की आकृति ने स्वतंत्रता दिवस के पूर्व पूरे नगर को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के वातावरण से भर दिया।