*सिविल कोर्ट खोलने के लिए जल्द ही मुख्यमंत्री से करूंगी चर्चा*
शाहपुर। सिविल कोर्ट प्रारंभ करने विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर शाहपुर तहसील में सिविल कोर्ट खोलने की आवश्यकता पर जोर दिया है। उनका कहना है कि क्षेत्रफल की दृष्टि से शाहपुर जिले की सबसे बड़ी तहसील है, बीजादेही क्षेत्र के लोगों को लगभग 100 किलोमीटर की दूरी तय कर न्याय के लिए बैतूल जाना होता है जिससे गरीब आदिवासियों को धन और समय लगता है लोगों को न्याय प्राप्त करने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उईके ने पत्र में उल्लेख किया कि सिविल कोर्ट की स्वीकृति और इसके लिए जमीन का आवंटन पहले ही किया जा चुका है, लेकिन कोर्ट का संचालन अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इसके कारण स्थानीय आदिवासी और ग्रामीण समुदाय के लोगों को न्याय के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उन्हें न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि वित्तीय हानि का सामना भी करना पड़ता है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि शाहपुर में सिविल कोर्ट के शीघ्र प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उनका मानना है कि इससे गरीब, आदिवासी, दलित एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को बेहतर न्याय मिल सकेगा, और उनकी समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
विधायक की इस पहल से स्थानीय लोगों में आशा की किरण जागी है, और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उनकी न्याय की मांग को सुना जाएगा।







