*शक्ति सदन में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस*

 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शक्ति सदन (स्वाधार गृह), जो कि ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा संचालित है, में 21 जून को योग दिवस बड़े ही उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस आयोजन में निवासरत महिलाओं, बच्चों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सूर्य नमस्कार से हुई, जिसके बाद प्राणायाम, ताड़ासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन एवं अन्य योगासनों का अभ्यास प्रशिक्षकों की निगरानी में कराया गया। अधीक्षिका श्रीमती ज्योति बागड़े द्वारा सभी को बताया गया कि कौन-से आसन से क्या लाभ होता है तथा किस प्रकार योग को दैनिक जीवन में अपनाकर तन और मन को स्वस्थ रखा जा सकता है। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल ने बताया कि 21 जून को योग दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि यह उत्तरी गोलार्द्ध का सबसे लंबा दिन होता है और इस दिन सूर्य की ऊर्जा पृथ्वी पर सबसे अधिक प्रभावी होती है। योग, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करता है, दीर्घायु और निरोगी जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। ज्ञात हो कि 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रस्ताव को स्वीकारते हुए 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। तब से हर वर्ष यह दिन विश्वभर में योग के प्रति जागरूकता और इसके लाभों को साझा करने हेतु मनाया जाता है।

इस वर्ष प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने “Yoga for One Earth, One Health” यानी एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग का संदेश दिया, जिसे शक्ति सदन की सभी महिलाओं ने आत्मसात किया और स्वास्थ्य के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। उक्त कार्यक्रम को निवासरत महिलाएं, स्थानीय महिलाएं, बच्चे एवं संस्था कार्यकर्ताओं के द्वारा सफल बनाया गया।