खेती के नवीनतम तरीकों से किसानों को अवगत कराने के लिए ग्राम पंचायत भौरा के अतिथि भवन में किसान कल्याण तथा कृषि विकास प्लांट क्लीनिक कार्यक्रम के तहत किसान सभा का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक आरडी बारपेटे , राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य गंगा उईके सहित अन्य लोग मौजूद थे। कृषि वैज्ञानिक बारपेटे ने किसानों को बताया कि खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए कृषि के नवीनतम तरीकों को अपनाना बहुत आवश्यक है। गर्मी के दिनों में खेत की जुताई करा देने से पहली बारिश का पानी जमीन में अंदर तक चला जाता है। जिससे खेत में नमी बनी रहती है। गर्मी में जुताई होने से खेत में मौजूद खरपतवार पूरी तरह नष्ट हो जाते हैं। वही जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ जाती है और अधिक उत्पादन मिलता है।
उन्होंने किसानों को खेती के नवीनतम तरीकों से अवगत कराया और किसानों को बताया कि रासायनिक खाद उपयोग करने से जमीन बंजर होती जा रही है। खेत की उर्वरा शक्ति कमजोर हो रही है। रासायनिक खाद का मानव शरीर पर भी दुष्प्रभाव पड़ता है। इसलिए रासायनिक खाद के इस्तेमाल नहीं कर गोबर खाद का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने देसी तरीके से कीटनाशक बनाने के तरीके भी किसानों को बताएं।
Comments are closed.