अमृत 2.0 परियोजना के लिए गठित जिला स्तरीय मूल्यांकन एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित
*कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस की अध्यक्षता में सोमवार को अमृत 2.0 परियोजना के लिए गठित जिला स्तरीय मूल्यांकन एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक बैतूल श्री निलय डागा, विधायक घोड़ाडोंगरी श्री ब्रह्मा भलावी सहित समिति सदस्य उपस्थित थे।*
*बैठक में अमृत 2.0 परियोजना के तहत बैतूल, शाहपुर, घोड़ाडोंगरी, चिचोली एवं आठनेर की कार्ययोजना का पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन प्रस्तुत किया गया। समिति द्वारा कार्य योजना का अनुमोदन किया गया। बैठक में कलेक्टर श्री बैंस ने संबंधित सीएमओ एवं तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्रों में परियोजनाओं की अधोसंरचना के लिए जो भूमि आवश्यक है, स्थानीय राजस्व अधिकारियों से समन्वय कर उक्त स्थल आरक्षित एवं सुरक्षित करें। परियोजनाओं के क्रियान्वयन में विद्युत एवं रेल्वे विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए। जो व्यय प्राक्कलन प्रस्तुत किए गए हैं, उनका परीक्षण संबंधित विभागों से अवश्य कराएं। परियोजना से पूर्व की समस्त तैयारियां सुनिश्चित करें, जिससे क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।*
*इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष बैतूल श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर, नगर परिषद चिचोली की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा मालवीय, नगर परिषद घोड़ाडोंगरी की अध्यक्ष श्रीमती मीरावंती उइके, नगर परिषद शाहपुर के अध्यक्ष श्री रोहित नायक सहित परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास प्राधिकरण श्री अक्षत बुंदेला, पीएचई के अधिकारी एवं संबंधित नगर पालिका अधिकारी मौजूद थे।*