राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत ने दिल्ली में मस्जिद और मदरसा का दौरा किया

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत ने आज नई दिल्ली में एक मस्जिद में ऑल इंडिया इमाम ऑर्गेनाइजेशन के मुख्य इमाम डॉक्टर इमाम उमर अहमद इलियासी से मुलाकात की।

कस्तूरबा गांधी मार्ग स्थित मस्जिद में उनकी इस मुलाकात के दौरान मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार भी उपस्थित थे।

संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बताया कि सरसंघचालक मोहन भागवत को इस भेंट के लिए कुछ दिन पहले निमंत्रण मिला था। वे विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से निरंतर संवाद करते रहते हैं और यह मुलाकात भी उसी क्रम का हिस्सा है।

श्री भागवत दिल्ली की आजाद मार्किट के एक मदरसे में भी गए, जहां उन्होंने बच्चों से मुलाकात की और मदरसों में बच्चों की पढ़ाई के बारे में जाना।

मोहन भागवत ने इससे पहले मंगलवार को राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शाहिद सिद्दीकी, पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस वाई कुरैशी, पूर्व राज्यपाल नजीब जंग, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति जमीरुद्दीन शाह और कारोबारी शेरवानी से भी मुलाकात की थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.