*माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी पर भारत सरकार द्वारा ऐतिहासिक सम्मान*

*माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी पर भारत सरकार द्वारा ऐतिहासिक सम्मान, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया स्मारक डाक टिकट का विमोचन*

नई दिल्ली | 2 नवंबर 2026

अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका संरक्षिका परम वन्दनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी वर्ष 2026 के पावन अवसर पर नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में एक ऐतिहासिक क्षण साकार हुआ। लोकसभा अध्यक्ष माननीय श्री ओम बिरला जी एवं केंद्रीय संचार मंत्री माननीय श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी ने माता जी के सम्मान में जारी स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर उपस्थित गायत्री परिवार के हजारों परिजनों और श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि के साथ इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत किया। इस अवसर पर भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में शामिल श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी ने कहा डाक टिकट का विमोचन परम वन्दनीया माताजी के तप, त्याग, साधना, सेवा और नारी जागरण के लिए उनके अतुलनीय योगदान के प्रति राष्ट्र की श्रद्धांजलि का प्रतीक है।

लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी ने कहा – माता भगवती देवी शर्मा जी ने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के साथ मिलकर गायत्री परिवार के विचार-विस्तार और युग निर्माण अभियान को नई दिशा प्रदान की। उनका जीवन नारी शक्ति के जागरण, संस्कार निर्माण, आत्मिक उन्नयन और समाज सेवा के आदर्शों को समर्पित रहा। उन्होंने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से असंख्य लोगों को सेवा, साधना और मानवीय मूल्यों के मार्ग पर प्रेरित किया।

डाक टिकट के माध्यम से माता जी की स्मृति और उनके प्रेरणादायी जीवन-दर्शन को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास हुआ है। यह सम्मान केवल एक महान आध्यात्मिक व्यक्तित्व का स्मरण नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, नारी चेतना और समाज निर्माण के मूल्यों के प्रति राष्ट्रीय सम्मान की अभिव्यक्ति भी है।यह माता जी के ममत्व के लिए समर्पित है।

31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित वाले इस तीन दिवसीय जन्मशताब्दी महोत्सव में मातृशक्ति जागरण, सांस्कृतिक एकता, विश्व बंधुत्व और युग निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। देश-विदेश से गायत्री परिवार के परिजन इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागिता कर रहे हैं।

जन्म शताब्दी वर्ष समारोह के दल नायक डा. चिन्मय पण्डया जी ने इस अवसर को सौभाग्य का क्षण बताते हुए कहा कि माता जी के चरणों में यह राष्ट्रीय सम्मान श्रद्धा का ऐसा स्मृति-चिह्न है, जो आने वाली पीढ़ियों को सेवा, समर्पण और नारी शक्ति के जागरण के लिए समय दान अंशदान के लिए प्रेरक संकल्प उभारता रहेगा।यह आयोजन भारत सरकार द्वारा ओर से गायत्री परिवार के लिए त्रिवेणी संगम जैसा है। पहले गुरुदेव के सम्मान में फिर शांतिकुंज के स्वर्ण जयंती बर्ष पर अब तीसरी बार माता जी की जन्म शताब्दी वर्ष में डाक टिकट रुपी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

समारोह का दूसरा दिन भारतीय संस्कृति की विविधता, राष्ट्रीय एकात्मता, विश्व बंधुत्व और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को समर्पित है।
कार्यक्रम में गायत्री विद्यापीठ के विद्यार्थियों द्वारा प्रज्ञा योग की प्रस्तुति तथा शाम 7 बजे सामूहिक दीपयज्ञ के माध्यम से विश्व शांति, सद्भाव और मानव कल्याण की मंगलकामना की जाएगी। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने गायत्री महामंत्र के जप की फलश्रुतियां बताई और युवाओं के द्वारा उनके कहने पर मंत्र जप करने के बाद सकारात्मक अनुभूतियां भी बताईं।
समारोह में देश-विदेश से बड़ी संख्या में गायत्री परिजन एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।वैदिक मंत्रोच्चार, प्रज्ञा योग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक साधना के माध्यम से यह आयोजन आध्यात्मिक चेतना के साथ सामाजिक एकता का संदेश दे रहा है।

समारोह में देश विदेश से आए अनेक मूर्धन्य विद्वानों ने , धर्म आध्यात्म क्षेत्र के मार्गदर्शकों ,राजनैतिक नेताओं, संगठन विशेषज्ञों विचारों और वंदनीया माताजी के स्नेहाशीष ‌के बखानों द्वारा उपस्थित परिजनों का मार्गदर्शन किया। समारोह माताजी के सन्देश और परिजनों से आशा अपेक्षा के अनुसार संस्कृति से संस्कार, संस्कार से सद्भाव और सद्भाव से विश्व बंधुत्व का मार्ग प्रशस्त करने के प्रयासों को नई गति देने में सफल रहा।

2 नवंबर का अंतिम दिन मातृशक्ति श्रद्धांजलि संकल्प प्रतिज्ञा का दिन रहा। जनवरी में हरिद्वार के वैरागी द्वीप पर आयोजित शताब्दी वर्ष 2026 के, प्रथम चरण के आयोजन की परिचर्चा के निष्कर्षों के अनुसार हमारे परिजन, हमारे संस्थान, हमारे कार्यक्रम ऐसे हों के बिंदुओं को क्रियान्वित करने के व्यक्तिगत और सामूहिक संकल्प लिए गए।
शताब्दी वर्ष 2026 का अंतिम चरण 21,22 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित होगा जिसमें अखिल विश्व गायत्री परिवार के संगठन प्रतिनिधियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

जिला समन्वयक, नर्मदापुरम अनुराग मिश्रा ने बताया कि समारोह में मध्य प्रदेश झोन के संगठन के दायित्ववान परिजनों के साथ सभी जिला समन्वयक, मुख्य ट्रस्टी और आमंत्रित वरिष्ठ परिजनों ने भागीदारी की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.