*जवानों को ले जा रही बस दुर्घटना में मृतक जवानों की संख्‍या बढकर 7 हुई*

जम्‍मू कश्‍मीर में आईटीबीपी के जवानों को ले जा रही बस दुर्घटना में मृतक जवानों की संख्‍या बढकर 7 हुई

केन्‍द्रशासित प्रदेश जम्‍मू कश्‍मीर में आईटीबीपी की चौथी और पांचवीं बटालियन के जवानों को ले जा रही बस की आज अनंतनाग जिले में पहलगाम के पास जिग मौर में दुर्घटनाग्रस्‍त हो गई। इस दुर्घटना में मृतक जवानों की संख्‍या बढकर सात हो गई है। कुछ घायल जवानों का अस्‍पताल में इलाज चल रहा है जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। यह बस श्रीअमरनाथ जी मार्ग पर पोषपत्री शिविर से लौट रही थी। बस में आईटीबीपी के 39 और जम्‍मू कश्‍मीर पुलिस के दो जवानों सहित 41 जवान थे और यह जम्‍मू जा रही थी। खबरों के अनुसार यह बस फिसलकर ढाई सौ फीट गहरी खाई में गिर गई।उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा ने दुर्घटना में मारे गये जवानों और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्‍यक्‍त की है। उन्‍होंने घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना की और घायलों को हरसंभव सहायता देने का आश्‍वासन दिया।