मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित परमानंद भाई पटेल ट्रॉफी अंडर-22 बालक वर्ग के अंतर्गत नर्मदापुरम एवं चंबल संभाग के बीच खेले जा रहे चार दिवसीय मुकाबले में नर्मदापुरम संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 53 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव श्री प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि चंबल संभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 235 रन बनाए। नर्मदापुरम की ओर से लव दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट हासिल किए, जबकि पार्थिव बानखेड़े एवं अक्षत सोलंकी ने 2-2 तथा सौरभ वर्मा ने 1 विकेट लिया।
जवाब में नर्मदापुरम संभाग ने साहिल कवाड़े के शानदार नाबाद 125 रन एवं माधव शर्मा के 65 रनों की शानदार पारियों की बदौलत दिन का खेल समाप्त होने तक 5 विकेट के नुकसान पर 288 रन बना लिए। इस प्रकार नर्मदापुरम ने पहली पारी में 53 रनों की बढ़त हासिल कर ली। साहिल कवाड़े चोटिल होने के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। दिन का खेल समाप्त होने पर अक्षत सोलंकी एवं लव दुबे क्रीज पर मौजूद थे।
नर्मदापुरम के अन्य बल्लेबाजों में गौतम बौरासी, प्रवीण यादव एवं सौरभ वर्मा जल्द आउट हो गए। चंबल संभाग की ओर से उदय यादव ने 2 विकेट तथा आर्यन थापा, कुणाल राघव एवं शिखर अग्रवाल ने 1-1 विकेट हासिल किया।
मैच में एमपीसीए अंपायर रोहित धाकड़ एवं अनुज सिंह, ऑनलाइन स्कोरर सचिन गोस्वामी तथा ऑफलाइन स्कोरर शिशुपाल सिंह राजपूत की भूमिका रही।
नर्मदापुरम संभाग टीम के कोच सुनील शर्मा एवं मैनेजर मनोहर बिलथरिया हैं, जबकि चंबल संभाग टीम के कोच सनत गुर्जर एवं मैनेजर राहुल शर्मा हैं।
मैच के दौरान एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य श्री अनुराग मिश्रा, एमपीसीए मैच रेफरी श्री कीर्ति चौधरी, सिलेक्टर सचिन धौलपुरे, सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष संजय नाफड़े, कोऑर्डिनेटर नितेश राजपूत सहित ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहा।
