आशीष उघड़े जिला नर्मदापुरम। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय एल.टी. सुब्बू स्मृति अंडर-22 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला 2 नवंबर को एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम में बैतूल एवं हरदा दोनों जिले की टीमों के मध्य प्रारंभ हुआ। मुकाबले के पहले दिन बैतूल के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि मैच में हरदा के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बैतूल की टीम ने शुरुआत से ही धैर्यपूर्ण एवं आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम के बल्लेबाजों ने हरदा के गेंदबाजों का मजबूती से सामना करते हुए मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और निर्धारित 90 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 417 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
बैतूल की ओर से साहिल कवाड़े ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 139 रनों की शतकीय पारी खेली, वहीं हेमंत नंदा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी का परिचय देते हुए 135 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के शतकों ने बैतूल की पारी को मजबूती प्रदान की। इसके अतिरिक्त लक्ष्य वाईकर ने 67 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि सिद्धार्थ भार्गव ने 38 रनों का योगदान देकर टीम के स्कोर को 400 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
हरदा की ओर से गेंदबाजी करते हुए हर्षित गौर ने शानदार प्रदर्शन कर 3 विकेट हासिल किए, जबकि ध्रुव चौरे को 1 विकेट प्राप्त हुआ।
पहले दिन का खेल समाप्त होने तक बैतूल की टीम ने 90 ओवरों में 4 विकेट पर 417 रन बनाकर मैच में अपनी मजबूत स्थिति बना ली है। अब दूसरे दिन हरदा के गेंदबाजों के सामने बैतूल की शेष पारी को जल्द समेटने की चुनौती होगी, वहीं हरदा की टीम भी बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन कर मुकाबले में वापसी करने का प्रयास करेगी।
मैच में अंपायर की भूमिका आदित्य राजपूत एवं मोहम्मद फज़ल ने निभाई, जबकि स्कोरर का दायित्व कुणाल पटेल ने संभाला।
इस अवसर पर मैदान पर एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफड़े, जिला सचिव मनोहर बिलथरिया, हेड कोच डॉ. सुनील शर्मा, नितेश राजपूत सहित खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य संभाग के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा उनकी प्रतिभा को निखारकर उच्च स्तरीय क्रिकेट के लिए तैयार करना है।