इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट का आगाज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने किया शुभारंभ*

स्व. एल. टी. सुब्बू स्मृति अंडर -22 इंटर डिस्ट्रिक्ट टूर्नामेंट का आगाज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने किया शुभारंभ।

नर्मदापुरम ने हरदा को 167 रनों पर समेटा, पहले दिन बनाए 102 रन l

माधव शर्मा की शानदार 71 रनों की पारी, नर्मदापुरम जीत की ओर अग्रसार

आशीष उघड़े जिला नर्मदापुरम। नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय एल.टी. सुब्बू स्मृति अंडर-22 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ आज एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम में हुआ। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला मेजबान नर्मदापुरम और हरदा के मध्य खेला जा रहा है।

**मुख्य अतिथि ने किया टूर्नामेंट का शुभारंभ**

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए क्रिकेट के प्रति अपनी रुचि एवं अनुभव साझा किए। श्री राजन ने कहा कि वर्तमान समय में क्रिकेट युवाओं के लिए एक बेहतर व्यावसायिक भविष्य बनाने का माध्यम है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा दोनों टीमों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, एसडीओपी जितेंद्र पाठक एवं देहात थाना प्रभारी उषा मरावी भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया तथा एसोसिएशन द्वारा क्रिकेट के विकास एवं खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।

**हरदा की पहली पारी 167 रनों पर समाप्त**

संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि मुकाबले में नर्मदापुरम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। नर्मदापुरम के गेंदबाजों ने अनुशासित एवं प्रभावी गेंदबाजी करते हुए हरदा की पहली पारी को 167 रनों पर समेट दिया।

हरदा की ओर से संस्कार सारन ने सर्वाधिक 38 रन, अक्षत सोलंकी ने 35 रन तथा ध्रुव चौरे ने 34 रनों का योगदान दिया।

नर्मदापुरम की ओर से मल्हार त्रिपाठी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। विधान दुबे एवं शाश्वत पाठक ने 2-2 विकेट तथा प्रशांत काशदे ने 1 विकेट प्राप्त किया।

**माधव शर्मा की शानदार बल्लेबाजी**

हरदा की पहली पारी के जवाब में नर्मदापुरम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 2 विकेट के नुकसान पर 102 रन बना लिए हैं। टीम की ओर से माधव शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 71 रन बनाए, जबकि हर्षवर्धन पटेल 30 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इस प्रकार नर्मदापुरम की टीम हरदा के स्कोर से 65 रन पीछे है और उसके 8 विकेट शेष हैं।

मैच में अंपायर की भूमिका आदित्य राजपूत एवं हरीश हनोतिया ने निभाई, जबकि स्कोरर कुणाल पटेल रहे।

इस अवसर पर सिलेक्टर नितेश राजपूत, टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर मनोहर बिलथरिया, हेड कोच डॉ. सुनील शर्मा सहित खिलाड़ियों के अभिभावकगण एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.