*अंडर-13 क्रिकेट ट्रायल में 160 खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर* एमपीसीए ने लिया प्रतिभाओं का परीक्षण

 

 

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) द्वारा प्रयोगात्मक तौर पर आयोजित किए जा रहे अंडर-13 मल्टीडे इंटर डिवीजन क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु गुरुवार को नर्मदापुरम में ट्रायल आयोजित किए गए। ट्रायल में जिले सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 160 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। युवा खिलाड़ियों में चयन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे दिन मैदान पर खिलाड़ियों ने अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी एवं क्षेत्ररक्षण कौशल का प्रदर्शन किया।

 

एमपीसीए द्वारा इस प्रतियोगिता के लिए दो टीमों का गठन किया जाना है। इसी उद्देश्य से आयोजित ट्रायल में खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, फिटनेस, खेल अनुशासन एवं मैच परिस्थितियों में प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। ट्रायल के दौरान एमपीसीए के चयनकर्ता अंकित श्रीवास्तव एवं प्रवीण लोकरस ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से अवलोकन किया तथा विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों की प्रतिभा का परीक्षण किया।

 

चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों को खेल की बारीकियों से भी अवगत कराया तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुझाव दिए। ट्रायल में शामिल खिलाड़ियों ने चयनकर्ताओं को प्रभावित करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास किया। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों की उपस्थिति ने क्षेत्र में क्रिकेट के प्रति बढ़ते रुझान को भी दर्शाया।

 

इस अवसर पर नर्मदापुरम क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोहर बिल्थरिया, कोच नितेश राजपूत,संजय यादवंशी, माधव हरने, चयनकर्ता चेतन राजपूत, सुनील कलोसिया, ब्रजेश यादव, गोपाल खाटारे, शैलेंद्र पावर सहित मैदान का समस्त ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहा। सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों ने ट्रायल को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

ऐसी चयन प्रक्रिया से ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। एमपीसीए द्वारा आयोजित इस पहल से युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच मिल रहा है। ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों की सूची आगामी दिनों में घोषित की जाएगी, जिसके बाद चयनित खिलाड़ी अंडर-13 मल्टीडे इंटर डिवीजन टूर्नामेंट में भाग लेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.