नर्मदापुरम एवं चंबल संभाग के बीच चार दिवसीय मुकाबला प्रारंभ

परमानंद भाई पटेल अंडर-22 क्रिकेट ट्रॉफी

 

नर्मदापुरम एवं चंबल संभाग के बीच चार दिवसीय मुकाबला प्रारंभ

 

जिला नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के तत्वावधान में आयोजित परमानंद भाई पटेल ट्रॉफी अंडर-22 बालक वर्ग का चार दिवसीय मुकाबला मेजबान नर्मदापुरम एवं चंबल संभाग के मध्य एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम में प्रारंभ हुआ।

 

मैच में चंबल संभाग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले दिन का खेल समाप्त होने तक चंबल संभाग की टीम ने निर्धारित 90 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 233 रन बना लिए हैं।

 

नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि चंबल संभाग की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती झटकों के बाद टीम ने संभलकर बल्लेबाजी की। विशेष रूप से आठवें विकेट के लिए हुई 55 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की बदौलत टीम 233 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।

 

चंबल संभाग की ओर से शिखर अग्रवाल ने सर्वाधिक 71 रन बनाए, जबकि सोमू शिकारवार ने 44, तारिक खान ने 33 एवं गार्विक राज शर्मा ने 26 रनों का योगदान दिया।

 

नर्मदापुरम संभाग की ओर से गेंदबाज लव दुबे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट हासिल किए। वहीं पार्थिव वानखेड़े एवं अक्षत सोलंकी ने 2-2 विकेट तथा सौरभ वर्मा ने 1 विकेट प्राप्त किया।

 

मैच में MPCA के अंपायर श्री रोहित धाकड़ एवं श्री अनुज सिंह ने अंपायरिंग की। ऑनलाइन स्कोरर सचिन गोस्वामी एवं ऑफलाइन स्कोरर शिशुपाल सिंह राजपूत रहे।

 

इस अवसर पर MPCA मैच रेफरी कीर्ति चौधरी, चयनकर्ता सचिन धौलपुरे, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश चौरे, सचिव मनोहर बिलथरिया, सीनियर चयन समिति के चेयरमैन संजय नाफड़े, कोऑर्डिनेटर नितेश राजपूत सहित ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.