*कांटे के फाइनल मुकाबले में बैतूल की 19 रनों से शानदार जीत*

*सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने किया विजेता एवं उपविजेता को पुरस्कृत*

*नर्मदापुरम।* नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय एल.टी. सुब्बू ट्रॉफी अंडर-22 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में बैतूल ने नर्मदापुरम को 19 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबला एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम पर खेला गया।

संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि बैतूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 387 रन बनाए थे। बैतूल की ओर से लक्ष्य वाईकर 71, हेमंत नंदा 64, रवींद्र बरसाकर 52, साहिल कवाड़े 41, सिद्धार्थ भार्गव 40, तनिष्क सोलंकी 31 और छलेश बघेल ने 29 रन बनाए ।

जवाब में नर्मदापुरम की टीम 368 रन पर ऑल आउट हो गई।

*टीम नर्मदापुरम के बल्लेबाजों का प्रदर्शन*

नर्मदापुरम की ओर से प्रवीण यादव ने सर्वाधिक 140 रन, माधव शर्मा ने 75 रन, विधान दुबे ने 57 रन एवं सौरभ वर्मा ने 22 रनों का योगदान दिया अन्य कोई बल्लेबाज योगदान नहीं दे सका।

*बैतूल की गेंदबाजी के आंकड़े*

बैतूल की ओर से रवींद्र बारस्कर ने 4 विकेट, पार्थिव वानखेड़े ने 2 विकेट, छलेश बघेल, परम बारस्कर और तनिष्क सोलंकी ने 1-1 विकेट लिए। 1 विकेट रिटायर्ड आउट के रूप में मिला।

*फाइनल में रवींद्र बारस्कर और प्रवीण यादव रहे संयुक्त मैन ऑफ द मैच*

फाइनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले रवींद्र बारस्कर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 52 रन बनाए और 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।प्रवीण यादव ने शानदार 140 रनों की पारी खेली।

मैच में अंपायर की भूमिका कुणाल पटेल और आदित्य राजपूत ने निभाई, जबकि स्कोरर मनोहर बिलथरिया रहे।

*सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने किया खिलाड़ियों को संबोधित*

टूर्नामेंट के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चे या तो मोबाइल या क्रिकेट बैट लिए नजर आएंगे। आज देश में दीपावली पर्व की तैयारी चल रही है, इसके बावजूद खिलाड़ियों का क्रिकेट के प्रति समर्पण अद्भुत है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से अपेक्षा की कि वे पूर्ण लगन और मेहनत से प्रयास करें तो सफल जरूर होंगे। साथ ही मैदान पर आधुनिक मशीनों वाला जिम लगाने की बात भी कही। अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने सभी खिलाड़ियों, एनडीसीए के पदाधिकारियों और उपस्थित गणमान्य नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी मेंबर अनुराग मिश्रा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हमारे लिए बेहद गौरव की बात है कि सांसद जी ने अपना कीमती समय एमपीसीए ग्राउंड पर दिया, जिससे खिलाड़ियों में विशेष ऊर्जा का संचार हुआ। अंत में एनडीसीए के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने समापन अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों, सदस्यों और गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

इस दौरान मैदान पर सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन संजय नाफड़े, नर्मदापुरम जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष राजेश चौरे, जिला सचिव मनोहर बिलथरिया, कुलभूषण मिश्रा, हेड कोच डॉ. सुनील शर्मा, रामकृष्ण चौरे, कोच नितेश राजपूत, सुनील कोलोसिया, माधव हरने, शफीक खान दीपक कांसकार, अनिल चौबे, नारायण कीर, धनराज मालवीय, बरगले जी, तिवारी जी, सूरज जी, सहित अभिभावकगण और ग्राउंड स्टाफ मौजूद रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.