घोड़ाडोंगरी में मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर पैदल चाल से बच्चों ने दिया एकता और अनुशासन का संदेश*

 

घोड़ाडोंगरी। मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को घोड़ाडोंगरी में नवाचार करते हुए Walk for Unity का भव्य आयोजन किया गया। येक्षित एजुकेशन सेंटर और पैरा ईगल्स फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर घोड़ाडोंगरी के साझा प्रयास से आयोजित इस पैदल चाल में 70 से 80 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रातः 7:45 बजे बच्चों ने अनुशासित कतार में पैदल चलना शुरू किया। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए यह यात्रा शहीद स्मारक पर पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर बच्चे एकता, अनुशासन और देशप्रेम के नारे लगाते रहे। नगरवासियों ने भी जगह-जगह बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

शहीद स्मारक पर आयोजित समापन कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव श्री रामजीलाल उइके मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ वरिष्ठजन, व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री सुनील शर्मा, तहसील समन्वयक डॉ. मनोज पाटणकर, सक्रिय समाजसेवी अनुराग अग्रवाल आशीष परते, अमन (बाबु) पुलिस विभाग से अरविंद जी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

अतिथियों ने सभी बालक-बालिकाओं को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। उन्होंने बच्चों को अनुशासन में रहकर पढ़ाई, खेल और संस्कारों के माध्यम से गांव, जिले और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस सफल आयोजन के लिए पूर्व सैनिक संतोष उइके और सक्रिय समाजसेवी हेमंत साहू को विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया। बच्चों ने तालियां बजाकर सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के अंत में स्वल्पाहार के साथ सभी ने मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया। साथ ही आगामी दिसंबर-जनवरी में बड़ी मैराथन के आयोजन की योजना बनाने पर भी सहमति बनी।

यह आयोजन बच्चों में एकता, स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने वाला सिद्ध हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.