शोभापुर कॉलोनी। महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार 2 से 8 अक्टूबर 2026 तक “मद्य निषेध सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम भारती महिला मंडल, शोभापुर कॉलोनी द्वारा 7 अक्टूबर 2026 को पीएम श्री एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में नशामुक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती रजनी श्रीवास्तव की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को मद्यपान, नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशे की आदत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान
पहुंचाती है, बल्कि इससे परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को नशा न करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे जैसी बुराइयों से स्वयं को दूर रखते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में नशे के प्रति
जागरूकता पैदा कर “नशामुक्त समाज, स्वस्थ समाज” के संकल्प को मजबूत करना रहा। उक्त कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण सहित ग्राम भारती महिला मंडल से श्रीमती ज्योति बागड़े, श्रीमती शबनम शेख एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।