दीपों से जगमगाया खेडापति माता मंदिर, सेवा ही संकल्प के साथ मनाया पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन
नगर परिषद घोड़ाडोंगरी के आयोजन में उमड़ा जनसैलाब, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
घोड़ाडोंगरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर नगर परिषद घोड़ाडोंगरी द्वारा खेडापति माता मंदिर परिसर में ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं स्थानीय नगरवासी शामिल हुए।
जन्मदिन समारोह के लिए मंदिर परिसर में आकर्षक साज-सज्जा की गई। शाम होते ही दीपों से पूरा प्रांगण जगमगा उठा। उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को उत्साहपूर्वक मनाया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के रामजीलाल उइके मंडल अध्यक्ष राजेश मेहतो, राजेन्द्र मालवीय, प्रशांत गावंडे, मारुति राव सोनारे, बी.एल. भुजवरे, सीएमओ संध्या सरयाम, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बड़ी संख्या में शिक्षकों और स्थानीय नगरवासियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर श्रीमती संध्या सरयाम ने ‘सेवा ही संकल्प’ अभियान के उद्देश्य और समाजसेवा से जुड़े कार्यों के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। उन्होंने अभियान के माध्यम से सेवा एवं जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
दीपों से सजे मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में लोगों का उत्साह देखते ही बना। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर जन्मदिन समारोह में सहभागिता की। कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र में उत्सव और सेवा भावना का वातावरण बना दिया।




