राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की क्षमता वर्धन बैठक आयोजित, स्टेट विजिट की तैयारियों पर हुई चर्चा

 

दमोह। जिला अस्पताल परिसर स्थित सीएमएचओ कार्यालय में मंगलवार को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के परामर्शदाताओं एवं मास्टर ट्रेनरों की क्षमता वर्धन बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी स्टेट विजिट की तैयारियों, कार्यक्रम की प्रगति, मैदानी गतिविधियों, रिपोर्टिंग एवं मॉनिटरिंग की समीक्षा की गई।

बैठक का उद्देश्य किशोर-किशोरियों तक स्वास्थ्य सेवाओं, परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करना तथा मैदानी स्तर पर संचालित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। स्टेट विजिट को ध्यान में रखते हुए संबंधित दस्तावेज, रजिस्टर, रिपोर्ट एवं अन्य अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के साथ-साथ विजिट के दौरान प्रस्तुत की जाने वाली गतिविधियों एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने पर विशेष चर्चा की गई।

इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने समस्त परामर्शदाताओं एवं मास्टर ट्रेनरों से बिंदुवार चर्चा की। उन्होंने स्टेट विजिट के लिए टीम द्वारा तैयार की गई फाइल का बारीकी से अवलोकन किया तथा व्यवस्थित तैयारी के लिए टीम की सराहना की।

डॉ. चंद्रशेखर पाण्डेय ने टीम को नवाचार के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि मैदानी स्तर पर किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों को किस प्रकार प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने टीम के सदस्यों को अपने कार्यों में निरंतर गुणवत्ता एवं नवाचार बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

बैठक में प्रतिभागियों द्वारा अपने कार्यक्षेत्र के अनुभव एवं मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों को साझा किया गया। कार्यक्रम की गुणवत्ता में सुधार, बेहतर रिपोर्टिंग, आपसी समन्वय तथा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गतिविधियों के संचालन को लेकर आवश्यक सुझाव भी दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले परामर्शदाताओं एवं मास्टर ट्रेनरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मान प्रदान किया गया। टीम में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना इस सम्मान का मुख्य उद्देश्य रहा।

बैठक में जिला समन्वयक नरेश राठौर, डीसीएम ऋषि कुमार, ग्राम भारती महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति शर्मा, संस्था प्रतिनिधि नितेश कुसम्हा एवं परियोजना समन्वयक महेंद्र मिश्रा सहित राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े परामर्शदाता एवं मास्टर ट्रेनर उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने, मैदानी गतिविधियों की गुणवत्ता बढ़ाने तथा आगामी स्टेट विजिट को बेहतर समन्वय एवं तैयारी के साथ सफल बनाने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.