*पी.एम. श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शोभापुर के विद्यार्थियों ने ग्राम भारती महिला मंडल की गतिविधियों को जाना*
शोभापुर कॉलोनी |
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर दिनांक 30/01/2026 को ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा मघ निषेध दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था द्वारा बच्चों एवं विद्यार्थियों को नशा-मुक्ति के प्रति जागरूक करने हेतु नशा नहीं करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही नशा मुक्ति के
संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से नारों के साथ जागरूकता रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवन शैली अपनाने एवं सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया। इसी क्रम में पी.एम. श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शोभापुर कॉलोनी के कक्षा 10वीं से 12वीं तक के 60 छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को ग्राम भारती महिला मंडल का प्रेरणादायक अध्ययन भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला एवं बाल सशक्तिकरण, सामाजिक सेवा तथा सुरक्षा से जुड़े कार्यों की व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। भ्रमण के दौरान शाला शिक्षिका श्रीमती ललिता धुर्वे एवं शिक्षक देवेंद्र कुशवाह विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। अध्ययन भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संस्था द्वारा संचालित आचार निर्माण इकाई, सैनिटरी पैड निर्माण इकाई, कंप्यूटर लैब, डाटा एंट्री प्रोग्राम एवं परिवार परामर्श केंद्र का अवलोकन किया तथा उनकी कार्य-प्रणाली को समझा।।परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर श्रीमती बिंदेश्वरी ने केंद्र की सेवाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को गुड टच एवं बैड टच के विषय में विस्तार से समझाया और
उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर संस्था की कोषाध्यक्ष श्रीमती नंदा सोनी ने विद्यार्थियों को एनजीओ की भूमिका एवं ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा महिला एवं बाल सशक्तिकरण हेतु किए जा रहे सतत प्रयासों की जानकारी दी। अंत में विद्यार्थियों को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के अंतर्गत बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। यह अध्ययन भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक, ज्ञानवर्धक एवं
जीवनोपयोगी सिद्ध हुआ, जिससे उनमें समाज सेवा, संवेदनशीलता एवं सुरक्षा जागरूकता की भावना विकसित हुई। संस्था द्वारा कार्यकर्ताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में एवं स्व सहायता समूहो में मघ निषेध संकल्प दिवस कार्यक्रम आयोजित कर के जनसमुदाय को जागरूक किया। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल सहित संस्था के अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।







