*ग्राम भारती महिला मंडल में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया*

 

ग्राम भारती महिला मंडल संस्था परिसर में प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात सभी उपस्थितजनों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं निष्ठा व्यक्त की गई। इस अवसर पर शक्ति सदन स्वाधार गृह में निवासरत बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रमों में देशभक्ति नृत्य, गीत एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियाँ शामिल रहीं,

जिन्होंने उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया। इन्हीं प्रस्तुतियों के क्रम में यह भी उल्लेखनीय रहा कि शक्ति सदन स्वाधार गृह की बालिका पूर्णाश्री का चयन शासकीय महाविद्यालय द्वारा आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह, राम रखयानी स्टेडियम, सारनी में सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति हेतु किया गया, जहाँ उसने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किया। इस उपलब्धि से संस्था का मान और गौरव बढ़ा।
बच्चों की उत्कृष्ट एवं सराहनीय प्रस्तुतियों की सभी अतिथियों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई तथा उन्हें सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही संस्था में उत्कृष्ट कार्य, निष्ठा एवं समर्पण के लिए कुमारी सीता, कुमारी प्रियंका गिरी एवं श्री राजकुमार ठाकुर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सुव्यवस्थित, प्रभावशाली एवं सराहनीय मंच संचालन श्री बिंदेश्वरी यादव द्वारा किया गया।

इस गरिमामय आयोजन में संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल, संस्था कोषाध्यक्ष श्रीमती नंदा सोनी, परियोजना अधिकारी श्री लीलाधर गड़ेकर सहित संस्था के अन्य कार्यकर्ता, सदस्य एवं स्वाधार गृह के बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के संदेश, राष्ट्रीय एकता एवं उत्साहपूर्ण वातावरण के साथ किया गया।