*निनोरा में जल जीवन मिशन को लेकर क्लस्टर स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला संपन्न*

 

निनोरा (उज्जैन), 15 दिसंबर 2025।
मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित, परियोजना क्रियान्वयन इकाई (PIU) उज्जैन द्वारा परियोजना प्रचार-प्रसार एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखण्ड उज्जैन की ग्राम पंचायत निनोरा में क्लस्टर स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में विकासखण्ड उज्जैन की लगभग 20 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता तथा शिक्षकगण शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम पंचायत निनोरा की सरपंच श्रीमती पूजा जायसवाल एवं ग्राम पंचायत उनडासा के सरपंच श्री रमेश चंद्र शर्मा द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात जल निगम की टीम द्वारा उपस्थित अतिथियों एवं

प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। असिस्टेंट मैनेजर (कम्युनिटी) श्री कन्हैयालाल वर्मा ने कार्यशाला के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। वहीं ISA से संबंधित संपूर्ण जानकारी श्री जितेंद्र वर्मा एवं श्री मनोज खेरवाल द्वारा दी गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत निनोरा की सरपंच श्रीमती पूजा जायसवाल ने अपने उद्बोधन में जल जीवन मिशन को ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया और सभी से योजना के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। कार्यशाला में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपना परिचय देते हुए नल-जल योजना की उपयोगिता और आवश्यकता पर विचार साझा किए।कार्यक्रम में एमसीएम श्री पीयूष बलदेवा ने नल-जल योजना की संपूर्ण प्रक्रिया, अंशदान, जलकर तथा शुद्ध पेयजल से होने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण जीवन स्तर को उन्नत करने एवं समुदाय के सर्वांगीण विकास की

दिशा में सरकार की एक अत्यंत जनहितैषी योजना है। कार्यशाला के माध्यम से सभी सहभागियों को योजना के उद्देश्यों, क्रियान्वयन प्रक्रिया एवं सामुदायिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन श्री कन्हैयालाल वर्मा द्वारा किया गया। अंत में धन्यवाद प्रस्ताव श्री संतोष परिहार एवं श्री राजेश गहलोत द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें नेहा सोलंकी एवं महक लावरे का सहयोग रहा। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।