राजस्व वसूली और पीएम आवास योजना पर आठनेर नगर परिषद में हुई अहम बैठक
सत प्रतिशत राजस्व वसूली का लक्ष्य, हितग्राहियों को मिलेगा आवास योजना का लाभ
राजस्व अमला और आवास योजना टीम को सौंपे गए टारगेट
सीएमओ उइके बोले- लक्ष्य पूरा करना सभी की जिम्मेदारी, हितग्राहियों से समय पर लें आवेदन
बैतूल। नगर परिषद आठनेर के सभा कक्ष में शनिवार को नगर परिषद की राजस्व वसूली बढ़ाने एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लक्ष्य निर्धारित करने को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य नगर पालिका अधिकारी के एस उईके ने की। इस दौरान उन्होंने राजस्व अमले और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नगर परिषद क्षेत्र में सत प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी के एस उइके ने कहा कि आवास योजना अंतर्गत नियम और शर्तों के अनुरूप पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त कर निर्धारित समय सीमा में कार्यवाही पूर्ण की जाए। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए। बैठक में सहायक राजस्व निरीक्षक फैज अहमद, प्रधानमंत्री आवास योजना प्रभारी त्रिशाल जगताप सहित नगर परिषद के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में सभी को लक्ष्य निर्धारण संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।







