अवैध गतिविधियों के खिलाफ युवक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
आमला। शहर में तेजी से फैल रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को एसडीओपी एस.के. सिंह को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर में खुलेआम चल रहे सट्टा, जुआ और अवैध शराब परिवहन पर कड़ी आपत्ति जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि शहर के चौक-चौराहों पर बेधड़क सट्टा पर्ची काटी जा रही है और जुए का कारोबार भी बिना किसी रोकटोक के फल-फूल रहा है। इसके साथ ही शराब ठेकेदारों द्वारा क्षेत्र में अवैध रूप से शराब का परिवहन किया जा रहा है, जिससे युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है।इस दौरान युवक कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष प्रदीप कोकाटे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर इन अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो युवक कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।ज्ञापन सौंपने वालों में युवक कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष यशवंत हुड़े, मनीष नागले, दीपक मोरले सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आम नागरिकों और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाया जाना आवश्यक है।







