राष्ट्र की रक्षा करने वालों की रक्षा करने का मिशन महत्वपूर्ण परिकल्पना: एसपी निश्चल एन झारिया

1 वर्ष के तनय से से लेकर 60 वर्ष की चन्द्रप्रभा आज बार्डर के लिए होंगे रवाना
राष्ट्र रक्षा मिशन के लिए दल का अभिनंदन एवं शुभयात्रा कार्यक्रम संजीवनी में सम्पन्न

बैतूल। मैं बैतूल की धरती को नमन करना चाहता हूं..31 वर्ष की सेवा के दौरान मुझे ऐसा कोई कार्यक्रम देखने को नहीं मिला कि बार्डर पर जाकर हमारी बहनें सैनिकों को राखी बांधती है। जो लोग सरहद पर होते है उन्हें किसी चीज की जरुरत नहीं होती उन्हें सिर्फ दुआओं की जरुरत होती है। राष्ट्र रक्षा मिशन प्रत्यक्ष रुप से बार्डर पर जाकर सैनिकों को राखी बांध रहा है, उनकी अच्छाई की कामना करते है। इन्हीं सब कारणों से हमारा देश लगातार युद्ध जीतता है और सैनिक हमारी रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहते है। यह बातें जिला पुलिस अधीक्षक निश्चल एन झारिया ने संजीवनी हायर सेकण्डरी स्कूल में आयोजित बैतूल सांस्कृतिक सेवा समिति के राष्ट्र रक्षा मिशन 2025 दल के सरहद जाने से पहले संरक्षक आदित्य बबला शुक्ला नेतृत्व में आयोजित अभिनंदन एवं शुभयात्रा कार्यक्रम में कहीं। इस अवसर विशिष्ट अतिथि पार्वतीबाई बारस्कर, जिला सैनिक अधिकारी कैप्टन सुमीत सिंह, प्राचार्य गजेन्द्र पंवार, आदित्य बबला शुक्ला एवं परमजीत सिंह बग्गा मौजूद थे। कार्यक्रम में नगर के सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा राखियां, रुमाल एवं अन्य भेंट दी। राष्ट्र रक्षा मिशन 26 वें वर्ष में भारत पाकिस्तान की अंतराष्ट्रीय सीमा सादकी एवं अन्य बीओपी पर पहुंचकर बीएसएफ के सैकड़ो जवानों को रक्षा सूत्र बांधेगे। इस दौरान सरहदी दल को अतिथियों द्वारा आईडी वितरित कर यात्रा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की। स्कूल के बच्चों द्वारा सैनिकों के लिए बनाएं ग्रीटिंग्स और राखियों की प्रदर्शनी भी यहां लगाई गई।
*राष्ट्र रक्षा, सेवा एवं भावनात्मक समर्पण की अनूठी मिसाल*

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ने आगे ने कहा राष्ट्र रक्षा सेवा एवं भावनात्मक समर्पण की यह अनूठी मिसाल है राष्ट्र रक्षा मिशन, नाम भी बहुत जानदार रखा है, वास्तव में राष्ट्र की जो रक्षा कर रहे है उनकी रक्षा करने का मिशन बहुत महत्वपूर्ण परिकल्पना है। इस जिले के नागरिक भी बधाई के पात्र है जो लगातार 26 सालों से मिशन से जुडक़र इसे सफल बनाने में सहयोग कर रहे है। एक वर्ष का नन्हा बालक तनय अपनी मां के साथ वह भी जा रहा है यह बहुत अद्भूत है। इस अवसर पर एसपी श्री झारिया ने प्राथमिक शाला में पढ़ी राष्ट्रकवि माखनलाल चतुर्वेदी की पुष्प की अभिलाषा कविता भी सुनाई। विशिष्ट अतिथि पार्वती बाई बारस्कर ने राष्ट्र रक्षा मिशन की सराहना करते हुए कहा बैतूल से शुरु हुई सरहद पर तैनात सैनिकों को राखी बांधने की परम्परा के लिए उन्होंने संस्था अध्यक्ष गौरी पदम को बधाई दी। उन्होंने कारगिल चौक का भी संबोधन में जिक्र किया और कहा कि यह चौक राष्ट्र प्रेम का प्रतीक बन गया। बार्डर पर हमारे सैनिका भाई हथेली में जान लेकर खड़े रहते है अब एक बहन राखी लेकर उन तक पहुंचती है तो उनके दिल को भी अच्छा लगता है। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन सुमीत सिंह ने कहा कि जहां सब कुछ कठोर है, जहां कुछ भी आसान नहीं है वहां एक प्यार से भरी हुई बहन राखी लेकर आ जाए तो फिर इसको इमेजिन वहीं कर सकता है जो वहां खड़ा है। जो काम बैतूल की बहने 26 साल से कर रहे है वह लाजवाब है। बहुत कम संस्थाएं है जो सेना के साथ इस तरह के खड़ी रहती है।
*जो अच्छा काम कर रहा है उसे प्रोत्साहन एवं गलत को सजा मिलनी चाहिए: आदित्य बबला शुक्ला*
संस्था संरक्षक एवं भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला ने कहा कोई कार्यक्रम कोई आयोजन को एक -दो बार करना बड़ी बात नहीं है, लेकिन जब कोई आयोजन परम्परा बन जाये तो यह बड़ी बात है। मैं यह मानता हूूं जीवन में दो काम होना चाहिए, यदि कोई अच्छा काम कर रहा है तो उसे प्रोत्साहित करना चाहिए और यदि कोई गलत कर रहा है तो उसे सजा मिलना चाहिए। पिछले 26 वर्ष में यह आयोजन महज राष्ट्र रक्षा मिशन का नहीं है यह आयोजन हमारे जिले और शहर का आयोजन बन

गया है। प्रतिवर्ष हमारे जिले की तमाम संस्थाएं अपनी अपनी भेंट देते है। लायंस क्लब एवं संस्था संरक्षक परमजीत सिंह बग्गा ने कहा कि राष्ट्र रक्षा का संकल्प बैतूल की पहचान बन गया है। हर एक शख्स की भावनाओं और भेंट का हम सम्मान करते है। संस्था का संरक्षक होने के नाते मैं आपकों भरोसा दिलाता हूं कि यह भेंट सैनिकों तक प्रत्यक्ष रुप से पहुंचेगी। अंत में शाला के प्राचार्य गजेन्द्र पवार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में गौरी पदम ने कहा कि आज राष्ट्र रक्षा मिशन को पूरा देश जानता है इसकी वजह सेवाभावी बैतूल एवं बैतूल व देशभर का इलेक्ट्रानिक एवं प्रिंट मीडिया भी है, जिन्होंने इस मिशन के संकल्प, परिकल्पना, संघर्ष और सफलता की गौरव गाथा जन-जन तक पहुंचाई। उन्होंने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने राष्ट्र रक्षा मिशन को रजत जयंती वर्ष में बस से बार्डर यात्रा की सौगात भी दी थी, जो 26वर्षों में एक रोमांचक यात्रा थी।
*इन संगठनों ने भेंट की राखी, मिठाई और ग्रीट्ंग्स*
कार्यक्रम में गायत्री परिवार बैतूल, लायंस क्लब बैतूल, लायंस महक बैतूल, संजीवनी हायर सेकण्डरी स्कूल बैतूल, क्षत्रिय लोनारी कुंबी महिला समाज बैतूल, नारी उत्थान समिति बैतूल, सन वैली पब्लिक स्कूल,समाजसेवी धीरज बोथरा, धीरज हिराणी, अनिल खवसे, सीए प्रदीप खण्डेलवाल, ग्लोबल पब्लिक स्कूल बैतूल, शासकीय अस्थि बाधित दिव्यांग आश्रम शाला बैतूल, विधि लेडीज जिम, बालाजी पब्लिक स्कूल, श्रीश्री ज्ञान मंदिर, मंजू लंगोटे, बैतूल म्यूजिकल फीमेल ग्रुप बैतूल, कार्मल पब्लिक स्कूल बैतूलबाजार, बबीता राठौर, माधुरी पुजारे, ललिता मानकर सहित अन्य सामाजिक संगठनों एवं सेवाभावी ने भेंट दी।