पहले 50 बच्चों ने और अब 400 बच्चों ने ली स्वच्छता की शपथ
बैतूल। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024-25 के अंतर्गत बैतूल जिले में लाडो फाउंडेशन द्वारा चलाया जा रहा स्वच्छता की पाठशाला अभियान अब अपने नए चरण में प्रवेश कर गया है। फाउंडेशन ने जिला प्रशासन, जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य नगरपालिका अधिकारी से अनुरोध किया कि जिले के सभी स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाए।
इस नई शुरुआत की पहली कड़ी के रूप पहले 50 बच्चों द्वारा शपथ ली गई अब सरस्वती विद्या मंदिर के लगभग 400 बच्चों द्वारा स्वच्छता की शपथ ली गई । इन स्कूलों में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह से भाग लिया और स्वच्छता की शपथ ली। लाडो फाउंडेशन के संस्थापक अनिल यादव ने बताया कि प्रभात फेरी के माध्यम से अब तक हजारों बच्चों और नागरिकों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया गया। लेकिन अब समय है कि यह संदेश सिर्फ बोलकर न रहे, बल्कि बच्चों के व्यवहार में दिखाई दे। उन्होंने कहा कि जब बच्चे स्वयं प्रतिदिन स्वच्छता की शपथ लेंगे, तो घर और समाज दोनों में स्वच्छता की संस्कृति स्वतः विकसित होगी।
– स्कूलों के संचालकों का मिल रहा समर्थन लाडो
फाउंडेशन की इस पहल को स्कूलों के संचालकों और प्राचार्यों का समर्थन मिल रहा है। स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने इसे सोच से संस्कार तक की यात्रा बताया और एक प्रेरणादायी कदम माना। उन्होंने अनिल यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहलें बच्चों की नींव मजबूत करती हैं।
लाडो फाउंडेशन की मंशा है कि जिले के प्रत्येक सरकारी और निजी स्कूल में यह शपथ नियमित रूप से दिलाई जाए और इसके लिए संबंधित अधिकारियों से सतत संवाद जारी है। बैतूल जिले में चल रही यह मुहिम इस बात का प्रमाण है कि स्वच्छता अब एक आंदोलन से आगे बढ़कर बच्चों की आदत और जीवनशैली बन रही है। यह पहल राष्ट्रीय स्तर पर अनुकरणीय उदाहरण बन सकती है। स्वच्छता की पाठशाला से शुरू हुई यह यात्रा अब स्वच्छ समाज की नींव रख रही है।







