ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत मध्यप्रदेश जल निगम एवं म.प्र शासन के सहयोग से परियोजना की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य विगत माह की गतिविधियों की समीक्षा करना एवं आगामी कार्ययोजना को सुदृढ़ बनाना रहा। बैठक में परियोजना प्रबंधक श्री लीलाधर गडेकर एवं संस्था की समस्त टीम सक्रिय रूप से उपस्थित रही। बैठक में गढ़ा, मेंढ़ा, वर्धा, घोघरी और अपर वेदा ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना के तहत बैतूल, खरगोन और खंडवा जिलों के कुल 227 चयनित ग्रामों को जल आपूर्ति एवं स्वच्छता सुविधाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इस परियोजना का संचालन परियोजना क्रियान्वयन इकाई छिंदवाड़ा द्वारा किया जा रहा है, जिसमें ग्राम भारती महिला मंडल, बैतूल सहायक क्रियान्वयन संस्था के रूप में सहयोग दे रही है।
बैठक में ‘जल समग्र 1.6 एप्लिकेशन’ के माध्यम से प्रत्येक घर का सर्वेक्षण एवं अंशदान राशि संग्रहण की प्रक्रिया पर विशेष चर्चा की गई। यह अंशदान राशि ग्राम के सरपंच, सचिव एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संबंधित बैंक खातों में जमा कराई गई है, जिसका उपयोग जल एवं स्वच्छता से जुड़ी स्थानीय आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु किया जाएगा।
समीक्षा बैठक के दौरान ग्राम स्तर पर प्राप्त सफलता की कहानियों को साझा करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया गया। संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल ने अब तक हुए कार्यों की सराहना करते हुए टीम को कार्य की गति और गुणवत्ता बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने फील्ड में आ रही चुनौतियों के समाधान हेतु मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल, संस्था कोषाध्यक्ष श्रीमती नंदा सोनी, परियोजना अधिकारी श्री लीलाधर गडेकर सहित संस्था के सभी कार्यकर्ता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में परियोजना के आगामी चरणों और संभावित चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई, ताकि जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को समयसीमा में प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।







