जम्‍मू-कश्‍मीर पुर्नगठन दूसरा संशोधन विधेयक 2023 और केंद्रशासित प्रदेश सरकार संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित

 

लोकसभा ने जम्‍मू-कश्मीर पुनर्गठन दूसरा संशोधन विधेयक 2023 और केंद्रशासित प्रदेश सरकार संशोधन विधेयक पारित कर दिया है। जम्‍मू-कश्मीर पुनर्गठन द्वितीय संशोधन विधेयक 2023 में जम्‍मू-कश्मीर विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। इसका उद्देश्य केंद्र शासित प्रदेश में कानून बनाने की प्रक्रिया में महिलाओं का प्रतिनिधित्व और सहभागिता बढाना है। केंद्रशासित प्रदेश सरकार संशोधन विधेयक 2023 में पुद्दुचेरी विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित करने का प्रावधान है।

विधेयक पर बहस का जवाब देते हुए गृह राज्‍य मंत्री नित्‍यानंद राय ने कहा कि दोनों विधेयक समानता और महिलाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में नरेन्‍द्र मोदी सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि जम्‍मू-कश्मीर और पुद्दुचेरी विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण के वास्ते विधेयक लाकर मोदी सरकार ने यह सुनिश्चित करने का साहसी कदम उठाया है कि महिलाओं को सत्ता के गलियारे में उचित स्थान मिले।

इससे पहले, बहस की शुरूआत करते हुए भारतीय जनता पार्टी के जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने महिलाओं के कल्‍याण के लिए अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत महिलाओं के लिए शौचालय बनवाए गए हैं, जिससे उन्हें लाभ हुआ है। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने विधेयक का समर्थन किया। हालांकि उनका यह भी कहना था कि जम्‍मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव जल्‍द से जल्‍द कराए जाएं। तृणमूल कांग्रेस के प्रोफेसर सौगत रॉय ने जम्‍मू-कश्मीर में सरकार की नीतियों की आलोचना की।