सरकार ने कहा-आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और यह नियंत्रण में है
सरकार ने कहा है कि चीनी, गेहूं, चावल और खाद्य तेल जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें नियंत्रण में हैं। खाद्य और सार्वजनिक वितरण विभाग के सचिव संजीव चोपड़ा ने कहा कि सरकार इन वस्तुओं की कीमतों की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और यह सुनिश्चित करेगी कि त्योहारी सीजन के दौरान इनकी कीमतें नियंत्रण में रहें। चीनी की कीमतों पर श्री चोपड़ा ने कहा कि देश में 57 लाख टन चीनी की उपलब्धता है जो ढाई महीने की घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त है।
श्री चोपड़ा ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पूरे साल उचित मूल्य पर चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने अगले आदेश तक चीनी निर्यात पर प्रतिबंध जारी रखा है। इससे देश में चीनी का भंडार भी सुनिश्चित होगा और इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल कार्यक्रम के अंतर्गत हरित ईंधन की दिशा में भारत के प्रयासों में निरंतरता भी बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीनी की कीमतें 12 साल के उच्चतम स्तर पर होने के बावजूद, भारत में चीनी दुनिया में सबसे सस्ती है।
देश में गेहूं की उपलब्धता पर श्री चोपड़ा ने कहा कि वर्तमान में 230 लाख टन गेहूं का भंडार है। सरकार इसकी कीमत पर अंकुश लगाने के लिए खुले बाजार बिक्री योजना के माध्यम से आटा मिलों को गेहूं उपलब्ध करा रही है। चावल की कीमतों पर उन्होंने कहा कि कटाई के मौसम के कारण नई फसल मंडियों में आएगी जिससे आने वाले महीनों में इसकी कीमतों में कमी आएगी।
श्री चोपड़ा ने यह भी कहा कि देश में खाद्य तेलों का पर्याप्त भंडार है और वर्तमान में यह पिछले वर्ष की 25 लाख टन के मुकाबले 36 लाख टन है।







