केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-66 का निर्माण कार्य इस वर्ष दिसंबर तक पूरा हो जाएगा
मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-66 का निर्माण कार्य इस वर्ष दिसंबर तक हो जाएगा पूरा
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-66 का निर्माण कार्य इस वर्ष दिसंबर तक पूरा हो जाएगा और इसे अगले वर्ष जनवरी से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। श्री गडकरी ने आज इस राजमार्ग के निर्माण कार्य का हवाई सर्वे किया।
रत्नागिरी में मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मुंबई-गोवा राजमार्ग के निर्माण कार्य को 10 चरणों में बांटा गया है। श्री गडकरी ने बताया कि पनवेल-इंदापुर चरण के लिए भूमि अधिग्रहण और पर्यावरण मंजूरी के कारण इसके निर्माण में देरी हुई। उन्होंने बताया कि मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग कोंकण के पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाला प्रमुख राजमार्ग है। इससे पर्यटन विकास को नई दिशा मिलेगी और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर श्री गडकरी ने 15 हजार करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं की घोषणा की।
इससे पहले, उन्होंने रायगढ़ जिले में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
श्री गडकरी ने कहा कि दुर्घटनाओं से बचने के लिए मुंबई-गोवा राजमार्ग पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार संकेतक लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे दुर्घटनाओं की संख्या कम करने में मदद मिलेगी और यात्रा भी आसान होगी।







