संयुक्त चौपाल में मिल रहे नामांतरण-बंटवारे के दस्तावेज
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय समस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित की जा रही संयुक्त चौपालों के अंतर्गत मंगलवार को प्रभातपट्टन के तिवरखेड़, आमला के अंधारिया, आठनेर के जावरा, धनोरा, घोड़ाडोंगरी के पांढरा, रेंगाढाना, शाहपुर के सिलपटी, कोटमी, मुलताई के सांईखेड़ा, भैंसदेही के विजयग्राम में उक्त चौपालें आयोजित की गईं। जिनमें अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से चर्चा कर स्थानीय समस्याओं का निराकरण किया गया।
प्रभातपट्टन के ग्राम तिवरखेड़ में आयोजित संयुक्त चौपाल में तहसीलदार श्रीमती मोनिका विश्वकर्मा एवं अधिकारियों पांच कृषकों को रिकार्ड दुरुस्त कर दस्तावेज सौंपे गए। चौपाल में नामांतरण के आठ एवं सीमांकन का एक आवेदन लिया गया। खसरा नंबर 515 रकबा 1.194 हे. पर बने ग्राम पंचायत के सामुदायिक पार्क एवं हैंडपंप पर एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा किया गया था, जिससे ग्रामीणों की पेयजल की व्यवस्था बाधित हो रही थी। अधिकारियों द्वारा उक्त स्थान को अतिक्रमण मुक्त करवाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला में मध्यान्ह भोजन का भी निरीक्षण किया गया। दो हजार रुपए डायवर्सन शुल्क की वसूली की गई।
तहसील आमला के ग्राम अंधारिया में आयोजित चौपाल में नामांतरण के 7 एवं बंटवारा के दो प्रकरणों का निराकरण कर आवेदकों को राजस्व अभिलेख प्रदान किए गए। इस दौरान प्राथमिक शाला एवं उच्चतर माध्यमिक शाला अंधारिया का निरीक्षण किया गया। साथ ही मध्यान्ह भोजन एवं रसोई की भी जांच की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अंधारिया में एनीमिया मुक्त युवा अभियान की स्क्रीनिंग में गांव के सात बच्चों में प्रारंभिक लक्षण पाए जाने पर सेंपलिंग के लिए भेजे गए। मुख्य चौराहे की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस भूमि का बाजार मूल्य 6 लाख 76 हजार रुपए है। पीएम किसान सम्मान निधि अंतर्गत अपात्र पाए गए कृषकों से 48 हजार रुपए की राशि वसूल की गई। इस दौरान अधिकारियों द्वारा शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान का भी निरीक्षण किया गया।
संयुक्त चौपाल अंतर्गत तहसील आठनेर के ग्राम धनोरा में नामांतरण बंटवारा के 7, जावरा में 4 एवं धनोरी में नामांतरण के 5 प्रकरणों का निराकरण कर तहसीलदार श्री बैधनाथ वासनिक द्वारा हितग्राहियों को दस्तावेज सौंपे गए। ग्राम धनोरी में रास्ता विवाद का मौके पर निराकरण कर रास्ता खुलवाया गया। ग्राम जावरा में आंगनबाड़ी केन्द्र एवं शासकीय शाला में मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण किया गया। जावरा में 3895 रुपए एवं धनोरा में 15280 रुपए व्यपवर्तन राशि जमा कराई गई।
घोड़ाडोंगरी के ग्राम रेंगाढाना में तहसीलदार श्री अशोक डेहरिया द्वारा प्राथमिक शाला एवं आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया। ग्राम पांढरा में आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया।
शाहपुर के ग्राम सिलपटी में आयोजित संयुक्त चौपाल के दौरान तहसीलदार श्रीमती अंतोनिया एक्का द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र सिलपटी का निरीक्षण किया गया एवं बच्चों से चर्चा की गई। ग्राम सिलपटी में सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर मौका निरीक्षण कर पंचायत सदस्यों के सहयोग से निराकरण किया गया। शासकीय प्राथमिक शाला सोहागपुर ढाना में मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण किया गया। ग्राम कोटमी में पीएम किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत अपात्र हितग्राहियों से 20 हजार रुपए की राशि वसूल की गई।
मुलताई के ग्राम सांईखेड़ा में आयोजित संयुक्त चौपाल में तहसीलदार श्री सुधीर जैन द्वारा ग्राम में तालाब के पास की 0.315 हे. शासकीय भूमि की अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। उक्त भूमि का बाजार मूल्य 3 लाख 76 हजार रुपए है। चौपाल में सात अविवादित नामांतरण प्रकरणों का निराकरण कर हितग्राहियों को दस्तावेज सौंपे गए।
तहसील भैंसदेही के ग्राम विजयग्राम में आयोजित संयुक्त चौपाल में एसडीएम श्रीमती रीता डेहरिया द्वारा नामांतरण के 10 एवं बंटवारा के तीन प्रकरणों का निराकरण कर हितग्राहियों को दस्तावेज सौंपे गए। ग्राम बालनेर में 85 हजार 320 रुपए बाजार मूल्य की 0.450 हे. शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई। यहां पांच ग्रामीणों द्वारा उक्त भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। चौपाल में 17 हजार रुपए डायवर्सन राशि वसूली गई।