जनता को न्याय मिले,अधिकारियों-कर्मचारियों से अपेक्षा है कि वे मुख्यालय पर निवास करें,अधिकारियों से अपेक्षा है कि पात्र हितग्राहियों को लाभ दें :प्रभारी मंत्री

प्रभारी मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने तहसील कार्यालय भवन प्रभातपट्टन, भीमपुर एवं उप तहसील कार्यालय भवन चोपना का उद्घाटन किया
————————————————
भवन जनता के लिए उपयोगी हों एवं न्याय मिले- प्रभारी मंत्री श्री परमार
—————————————————
प्रदेश के स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार), सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री इंदर सिंह परमार ने मंगलवार को जिले के प्रभातपट्टन एवं भीमपुर तहसील मुख्यालय पर पांच करोड़ 63 लाख-पांच करोड़ 63 लाख की लागत से बने तहसील कार्यालय भवनों का उद्घाटन किया। साथ ही चोपना में 85 लाख की लागत से बने उप तहसील कार्यालय भवन का भी उद्घाटन किया। तहसील मुख्यालय प्रभातपट्टन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पंवार, विधायक श्री सुखदेव पांसे, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री आदित्य शुक्ला, कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री सिमाला प्रसाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

इस दौरान अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री श्री परमार ने कहा कि नए कार्यालय भवनों से जनता को सुविधा मिलेगी, साथ-साथ न्याय भी मिलेगा। यहां पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों से अपेक्षा है कि वे मुख्यालय पर निवास करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभान्वित किया जा रहा है। अधिकारियों से अपेक्षा है कि पात्र हितग्राहियों को लाभ दें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसानों से अपेक्षा है कि वे नियमानुसार बिजली कनेक्शन लेकर ही सिंचाईं कार्य करें। ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया सुचारू हो एवं किसानों को असुविधा न हो, ऐसी विद्युत विभाग से अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि जिले में लंपी वायरस से बचाव के लिए शत प्रतिशत पशुओं का टीकाकरण किया जाए। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद की तरफ से प्रभारी मंत्री द्वारा उपस्थित जन समुदाय को नशा मुक्ति अभियान की शपथ भी दिलाई गई। इसके पूर्व क्षेत्रीय विधायक श्री सुखदेव पांसे ने संबोधन दिया। तहसील कार्यालय का प्रतिवेदन प्रभारी तहसीलदार श्रीमती मोनिका विश्वकर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया।

आठनेर में जनप्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया
——————————————
प्रभारी मंत्री श्री परमार ने अपने भ्रमण के दौरान तहसील कार्यालय आठनेर में पंचायत एवं नगरीय निकाय प्रतिनिधियों से भेंट की एवं उनसे परिचय प्राप्त किया।

सारनी में नगर पालिका के पदाधिकारियों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए प्रभारी मंत्री
———————————————-
प्रभारी मंत्री श्री परमार सारनी में नगरपालिका के पदाधिकारियों द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान श्री डीडी उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पंवार, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री आदित्य शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष श्री किशोर बरदे, उपाध्यक्ष श्री जगदीश पंवार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.