*पाथाखेड़ा की श्रीमती भारती अग्रवाल को “जल योद्धा सम्मान” से नवाजा गया, जिले और प्रदेश का बढ़ाया मान*
पाथाखेड़ा (बैतूल)। जल संरक्षण एवं जल सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय, सतत एवं प्रेरणादायक कार्यों के लिए ग्राम भारती महिला मंडल की संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल को प्रतिष्ठित “जल योद्धा सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर के विशालाक्षी मंडप में आयोजित भव्य समारोह में पूज्य गुरुजी श्री श्री रविशंकर जी के करकमलों से ट्रॉफी, शाल एवं प्रमाणपत्र के रूप में प्रदान किया गया। यह गरिमामय आयोजन भारत सरकार के नीति आयोग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय, भूमि संसाधन विभाग, ग्रामीण विकास मंत्रालय तथा महाराष्ट्र सरकार (साझेदार राज्य) के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ज्ञान साझेदार के रूप में एसोचैम, आईआईटी रुड़की एवं व्हील्स ग्लोबल फाउंडेशन तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोगी देशों इज़राइल और फिनलैंड की सहभागिता रही। इस भव्य समारोह का सफल आयोजन सरकारीटेल.कॉम द्वारा किया गया।
इस समारोह में देश-विदेश से आए कुल 36 जल योद्धाओं को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री श्री रविशंकर जी ने कहा, “जल के प्रति निष्ठा ही सच्ची सेवा है।” उन्होंने जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए पर्यावरण संरक्षण, रसायन मुक्त खेती तथा जल, वायु और भूमि प्रदूषण को नियंत्रित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जल संरक्षण को एक जन आंदोलन बनाना आवश्यक है। वर्षा जल संचयन को अपनाना, पानी के विवेकपूर्ण उपयोग की आदत विकसित करना और कम पानी में कृषि करने की तकनीकों को बढ़ावा देना समय की मांग है।
कार्यक्रम में पद्मश्री उमाशंकर पांडे, पद्मश्री कंवल सिंह चौहान, पद्मश्री पोपटराव पवार, पद्मश्री सेठ पाल सिंह, पद्मश्री भारत भूषण त्यागी और पद्मश्री डेजिग्नेट मोहन नागर, श्री श्री रूरल डेवलपमेंट प्रोग्राम ट्रस्ट तथा श्री श्री इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रसन्ना प्रभु, भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव (वाटरशेड मैनेजमेंट) श्री नितिन खाड़े, आयकर आयुक्त डॉ. नितिन वाघमोडे, वेस्टर्न कोल्डफील्ड लिमिटेड के डॉ. हेमंत शरद पांडे और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री
सचिन कुमार वैश्या, पूर्व जल शक्ति मंत्रालय के निदेशक श्री गिरिराज गोयल, आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर डॉ. आशीष पांडे, व्हील्स ग्लोबल फाउंडेशन की इंडिया सीईओ सुजाता नरसिम्हन, वरिष्ठ होम्योपैथिक विशेषज्ञ डॉ. ए.के. गुप्ता, सरकारीटेल के अमेय साठे प्रमुखता से उपस्थित थे। कार्यक्रम में विशेषज्ञों और अधिकारियों ने जल एवं कृषि प्रबंधन पर अपने विचार साझा किए।
श्रीमती भारती अग्रवाल द्वारा यह उपलब्धि प्राप्त करना न केवल पाथाखेड़ा बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के सहयोग को देते हुए कहा कि यह सम्मान सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से श्री नरेंद्र सूर्यवंशी (जिला कलेक्टर, बैतूल), श्री अक्षत जैन (सीईओ,
जिला पंचायत बैतूल), श्री संजय मिश्रा (एरिया जनरल मैनेजर, WCL), श्री आशीष तयाल सीनियर मैनेजर (PR) WCL, श्री विजय जादौन महाप्रबंधक (सी.पी) जल निगम मर्यादित भोपाल, श्री मनोज बघेल (कार्यपालन यंत्री) श्री भूपेंद्र मेनवे (जिला समन्वयक) लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बैतूल तथा श्री गौतम अधिकारी (जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग बैतूल) एवं जल निगम भोपाल, पीएचई बैतूल अन्य सभी विभागों को धन्यवाद देते
हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रेरणा से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है। अंत में उन्होंने अपनी पूरी टीम एवं ग्राम भारती महिला मंडल परिवार को यह सम्मान समर्पित करते हुए कहा कि टीम की निष्ठा, मेहनत एवं समर्पण ही इस सफलता की असली ताकत है। यह सम्मान भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करता है।







