शहीदों को अनूठी श्रद्धांजलि

Pramod Suryavanshi

 

आमला में उमड़ा देशभक्ति का ज्वार: शहीदों के परिजनों के हस्ताक्षर वाला सम्मान पत्र पाकर नम हुईं रक्तदाताओं की आंखें, ‘खून वाले बाबा’ की याद में 166 यूनिट रक्तदान

आमला | अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के 95वें शहीद दिवस पर रविवार को आमला की धरा पर सेवा और संवेदना का एक दुर्लभ संगम देखने को मिला। अवसर था जन सेवा कल्याण समिति और बचपन प्ले स्कूल द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर का। यह आयोजन केवल एक रक्तदान शिविर नहीं, बल्कि उन शहीदों और समाजसेवियों के प्रति एक भावनात्मक ऋणांजलि बन गया, जिन्होंने अपना जीवन दूसरों के लिए समर्पित कर दिया। भीमनगर स्थित बचपन प्ले स्कूल में आयोजित इस ‘रक्तदान के महाकुंभ’ में 166 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।

यह शिविर स्वर्गीय पंकज उसरेठे (जिन्हें नगर ‘खून वाले बाबा’ के नाम से जानता है) और स्वर्गीय शशि टिकारे की पावन स्मृति में आयोजित किया गया। शिविर की सबसे भावुक कर देने वाली तस्वीर तब दिखी जब रक्तदाताओं को उन अमर शहीदों के परिजनों द्वारा हस्ताक्षरित विशेष सम्मान पत्र और ट्रॉफी भेंट की गई। अपने हाथों में शहीदों के परिवार का आशीर्वाद पाकर कई युवाओं की आंखें नम हो गईं और उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया।

नारी शक्ति का जज्बा: पहली बार रक्तदान कर तोड़ी झिझक, 20 बार दान करने वाले ‘रक्तवीरों’ का भी हुआ सम्मान

शिविर में केवल युवा ही नहीं, बल्कि नारी शक्ति का भी अद्भुत उत्साह देखने को मिला। कई महिलाओं ने पहली बार सुई के डर को पीछे छोड़कर केवल इसलिए हाथ आगे बढ़ाया कि उनका रक्त किसी का जीवन बचा सके। शिविर में नगर के वे 20 अनुभवी रक्तदाता भी पहुंचे, जो अब तक 20 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं। समिति ने इन ‘मौन साधकों’ का विशेष सम्मान किया, जो सालों से बिना किसी प्रचार के मानवता की सेवा कर रहे हैं।

राहुल धेण्डे बोले- शहीद दिवस पर युवाओं का जुटना प्रमाण है कि नई पीढ़ी में सेवा भाव जीवित है

जन सेवा कल्याण समिति के अध्यक्ष राहुल धेण्डे ने इस मौके पर युवाओं को संबोधित करते हुए भावुक स्वर में कहा, “रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि यह सीधे किसी को जीवनदान देता है। आज शहीद दिवस पर इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का जुटना इस बात का प्रमाण है कि हमारी नई पीढ़ी में अपने देश और शहीदों के प्रति गहरा सम्मान और सेवा भाव आज भी जीवित है।” जनसेवा कल्याण समिति उपाध्यक्ष अनिल सोनपुरे और समिति के अमित यादव ने भी सभी रक्तवीरों के इस हौसले को सलाम किया।

संकल्प: रक्त की कमी से अब किसी की जान नहीं जाने देंगे – सागर सिंह चौहान नीरज बारसकर

समिति के सक्रिय सदस्य सागर सिंह चौहान, नीरज बारसकर ने संस्था के अटूट संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य क्षेत्र में रक्त की कमी के कारण होने वाली असामयिक मौतों को शून्य पर लाना है। संस्था के वॉलंटियर चौबीसों घंटे इस मिशन में जुटे रहते हैं कि जब भी किसी जरूरतमंद को रक्त की आवश्यकता हो, उसे भटकना न पड़े।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने बढ़ाया उत्साह

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में करणी सेना परिवार के, नपा अध्यक्ष नितिन गाडरे, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि मनोज मालवे, नगर कांग्रेस अध्यक्ष विजेंद्र भावसार, कांग्रेस सेवादल विधानसभा प्रभारी जितेंद्र शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह चंदेल,
उपस्थित रहे। अतिथियों ने स्वयं रक्तदाताओं के पास जाकर उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए और इस पुनीत कार्य की मुक्तकंठ से सराहना की।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में बचपन प्ले स्कूल संचालक कैलाश ठाकरे, नीरज बारस्कर, आकाश जैन, चंद्रकिशोर टिकारे, डॉ. शिशिरकांत गुगनानी, भावेश मालवीय, रामानंद बेले, राजा राठौर, अजय गंगारे, अनिल सोनी, जीवन कहार, नितिन ठाकुर, मोना कनोजे, शुभम खातरकर, सावन चौहान, योगेश सोलंकी और हर्षित ठाकरे, विक्की ठाकुर का विशेष योगदान रहा। बैतूल से आई मेडिकल टीम में शैलेंद्र बिहारिया, ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. अंकिता सीते, राजेश बोड़कड़े, मुकेश कुमरे, अजय साहू और नीलेश जवलकर सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने अपनी सेवाएं दीं।