*बालिका गृह बैतूल में सेवा, संस्कार और स्नेह का अद्भुत संगम*

 

बैतूल, 27 मार्च 2026
ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा संचालित बालिका गृह बैतूल में आज एक अत्यंत प्रेरणादायक एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री गौतम अधिकारी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री अभिषेक जैन (पत्नी श्रीमती कृष्णा जैन, प्रोफेसर, जे.एच. कॉलेज बैतूल), समिति की सदस्य श्रीमती सीमा चोरिया एवं वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ (सेवानिवृत्त) डॉ. बी.पी. चोरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर श्रीमती सीमा चोरिया ने अपने पति डॉ. बी.पी. चोरिया के जन्मदिवस को सेवा और संस्कार के साथ मनाते हुए बालिका गृह की बालिकाओं के साथ इसे साझा किया। रामनवमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में उन्होंने बालिकाओं का

विधिवत पूजन कर उन्हें एक-एक बेडशीट भेंट स्वरूप प्रदान की। साथ ही, कच्चा अनाज उपलब्ध कराकर बालिकाओं के लिए भोजन बनवाया और सभी के साथ बैठकर स्नेहपूर्वक भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम में श्रीमती सीमा चोरिया के पुत्र एवं पुत्रवधू की भी स्नेहिल उपस्थिति रही, जिससे आयोजन और भी पारिवारिक एवं आत्मीय बन गया। इस सराहनीय पहल ने न केवल बालिकाओं के चेहरे पर मुस्कान लाई, बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि

उत्सवों को सेवा और संवेदना के साथ मनाकर जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का संचार किया जा सकता है। ग्राम भारती महिला मंडल ने इस आयोजन के लिए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे सामाजिक सहभागिता और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।