पन्ना में ‘उमंग’ स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम: शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत एवं ग्राम भारती महिला मंडल पन्ना के तत्वावधान में संचालित आयुष्मान भारत ‘उमंग’ स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के तहत कक्षा 6वीं से 8वीं तक के शिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण जिले में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। यह प्रशिक्षण किशोर–किशोरियों के समग्र स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश प्रसाद तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। समापन अवसर पर RKSK के जिला समन्वयक डॉ. संजय अहिरवार द्वारा प्रशिक्षित शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित शिक्षक अब विद्यालयों में “हेल्थ एंबेसडर” की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक जीवन कौशल की दिशा में मार्गदर्शन
प्रदान करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को जीवन कौशल शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, लैंगिक समानता एवं बच्चों के भावनात्मक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न गतिविधियों, खेलों एवं समूह चर्चाओं के माध्यम से कार्यक्रम के उद्देश्यों को व्यावहारिक रूप से समझाया गया, ताकि शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में साथिया एवं ब्रिगेड सदस्यों का प्रभावी नेतृत्व कर सकें। कार्यक्रम में श्री नीलेश शिंदे एवं श्री शाद अहमद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही ग्राम भारती महिला मंडल पन्ना के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री जीतेंद्र सिंह भदौरिया की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पन्ना जिले में किशोर–किशोरियों के बेहतर भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी से विद्यालयों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और विद्यार्थी शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक रूप से अधिक सशक्त बन सकेंगे। कार्यक्रम के सफल
संचालन एवं मार्गदर्शन में डॉ. राजेश प्रसाद तिवारी (CMHO), डॉ. एम.के. गुप्ता (DHO-2), डॉ. संजय अहिरवार (DC RKSK), श्री अजय गुप्ता (DPC) एवं श्री बालमुकुंद तिवारी (APC Academic), सतेन्द्र सिंह (APC) जिला शिक्षा केंद्र पन्ना का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही राज्य प्रशिक्षक श्री शाद अहमद एवं श्री नीलेश शिंदे के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण को प्रभावी रूप से संचालित किया गया। प्रशिक्षण के सफल क्रियान्वयन में प्रोजेक्ट समन्वयक श्री जीतेंद्र सिंह भदौरिया, परामर्शदाता श्री यादवेन्द्र यादव एवं श्री शिवा दुबे, तथा प्रशिक्षक श्री शिवम् खरे एवं श्री उमेश चंद शुक्ला की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।







