जिला बैतूल। महिला एवं बाल विकास विभाग बैतूल के सहयोग से बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत पिंक लाइसेंस ड्राइव कार्यक्रम के तहत संस्था ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा 15 दिवसीय निःशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य बालिकाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें सुरक्षित एवं सशक्त बनाना है। इस प्रशिक्षण में शक्ति सदन (स्वाधार गृह), शासकीय महाविद्यालय बागडोना सारणी तथा आई.टी.आई. कॉलेज घोड़ाडोंगरी की कुल 35 छात्राएं लाभान्वित होंगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 16 मार्च 2026 से किया जाएगा।
इसी क्रम में दिनांक 14 मार्च 2026 को शासकीय महाविद्यालय बागडोना सारणी में संस्था अध्यक्ष ् भारती अग्रवाल एवं संस्था कोषाध्यक्ष नंदा सोनी ने छात्राओं के साथ बैठक कर उन्हें प्रशिक्षण के महत्व, नियमों एवं उससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। यह पहल बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहेगी। उक्त कार्यक्रम में प्रदीप पंद्राम प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय बागडोना सारणी, भारती अग्रवाल अध्यक्ष, नंदा सोनी कोषाध्यक्ष ग्राम भारती महिला मंडल एवं अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।







