*अमृत हरित महाभियान के प्रथम चरण में पौधारोपण में नपा सारनी ने पाया प्रदेश में प्रथम स्थान*

 

_भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में नपा हुईं सम्मानित, सीएमओ ने दी पूरी टीम को बधाई।_

सारनी। अमृत हरित महाभियान शहरी पर्यावण के प्रथम चरण में नगर पालिका परिषद सारनी ने शासन द्वारा तय लक्ष्य को समय सीमा के पूर्व ही पूरा कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मध्य प्रदेश शासन द्वारा पूरे प्रदेश में एक साथ अमृत हरित महाभियान शहरी पर्यावण प्रथम चरण प्रारंभ किया। इस अभियान में नगर पालिका परिषद में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीके मेश्राम के मार्गदर्शन में वृक्षारोपण अधिकारी उपयंत्री नितिन मीणा, नोडल अधिकारी केके भावसार ने पूरी टीम के साथ कार्य किया। मास्टर ट्रेनर अमित पांडे, प्रमोद हुरमाड़े ने

फील्ड पर सतत कार्य किया। वृक्षारोपण अधिकारी उपयंत्री नितिन मीणा ने बताया कि डेएनयूएलएम
के रंजीत डोंगरे के साथ स्व सहायता समूहों ने भी सहयोग दिया। डब्ल्यूसीएल एवं एमपीपीजीसीएल के साथ समन्वय बनाते हुए निकाय क्षेत्र में 43 हजार से ज्यादा पौधे रोपे गए। प्रथम चरण का पौधारोपण तय लक्ष्य समय से पूर्व कर नगर पालिका परिषद सारनी ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रशासनिक अकादमी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में आयुक्त संकेत भोंडवे, अपर आयुक्त, ज्वाइंट डायरेक्टर की मौजूदगी में नगर पालिका परिषद सारनी को पुरस्कृत किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सीके मेश्राम ने बताया कि पूरा पौधारोपण टीम वर्क और योजनाबद्ध रूप से किया गया। इसी कारण नगर पालिका परिषद सारनी पूरे प्रदेश में नंबर वन आई है।

वृक्षारोपण अधिकारी उपयंत्री नितिन मीणा ने बताया कि नपा सारनी ने द्वितीय चरण की पूर्व तैयारियां भी प्रारंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि कार्य को योजनाबद्ध रूप देते हुए पूरी प्लानिंग के साथ धरातल पर उतरा जाएगा। लक्ष्य अनुरूप रोपित पौधों की सतत मिनिटरिंग भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि लगन और पूरी मेहनत से द्वितीय चरण में भी नपा सारनी प्रथम स्थान प्राप्त करेगी।

Comments are closed.