आज और कल पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान
*नववर्ष पर शाहपुर पुलिस का सघन वाहन जांच अभियान*
गोवर्धन गुप्ता
शाहपुर। नववर्ष के आगमन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शाहपुर पुलिस द्वारा 31 दिसंबर एवं 1 जनवरी को विशेष सघन वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी टीआई देवकरण डहरिया ने बताया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश एवं एसडीओपी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत संचालित किया जाएगा।
टीआई डहरिया ने कहा कि हाल के समय में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि हुई है, जिनका प्रमुख कारण नशे की हालत में तेज गति से वाहन चलाना है। विशेषकर नववर्ष जैसे उत्सवों के दौरान शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने की प्रवृत्ति बढ़ जाती है, जिससे न केवल वाहन चालक बल्कि राह चलते निर्दोष नागरिक भी गंभीर खतरे में पड़ जाते हैं। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा वाहनों की सघन जांच की जाएगी। नशे की स्थिति में वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रैथ एनालाइजर (श्वास परीक्षण यंत्र) का उपयोग किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टीआई देवकरण डहरिया ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष को सादगी, संयम और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा नशे से दूर रहकर यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोककर अनमोल जीवन की रक्षा करना है।







