विवेकानन्द जयंती से नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती तक बंगाली गौरव एवं वीरत्व उत्सव मनाने के उद्देश्य से 21 दिसंबर 2025 को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन समिति का गठन किया गया। यह उत्सव लोक भारती से संबद्ध राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित संगठन बंगो लोक भारती के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है, जो प्रकृति, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, गौ आधारित प्राकृतिक कृषि एवं लोक मंगल के कार्यों में निरंतर सक्रिय है।
12 जनवरी विवेकानन्द जयंती से 23 जनवरी नेताजी सुभाष जयंती तक सभी ग्राम पंचायतों में खेलकूद, सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 जनवरी को समापन कार्यक्रम के रूप में मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों से बंगाली भाषी समाज के व्यापक एकत्रीकरण की योजना बनाई गई है, जिसमें लगभग 15 से 20 हजार लोगों की सहभागिता संभावित है।
समापन कार्यक्रम में बंगाली महापुरुषों की गौरव गाथा, बंगाली संगीत, कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की आज़ादी से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में बंगाली समाज के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रवादी विचारधारा के माध्यम से देशप्रेम की भावना को सशक्त करने, भाषा और संस्कृति की रक्षा तथा समाज की वर्तमान सामाजिक व मूलभूत चुनौतियों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखने का संकल्प भी लिया गया है।
— एस बापी बैन
जिला प्रचार प्रमुख (बैतूल)







