कैलाश प्रसाद अग्निहोत्री बने जन परिषद की इंटर स्टेट कमेटी के सचिव

 

भौंरा। नगर के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी कैलाश प्रसाद अग्निहोत्री को अखिल भारतीय स्तर की गैर-राजनीतिक एवं सामाजिक संस्था जन परिषद की डिस्ट्रिक्ट/इंटरस्टेट कोऑर्डिनेशन कमेटी का सचिव मनोनीत किया गया है। यह नियुक्ति संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व डीजीपी एन. के. त्रिपाठी ने महासचिव ओ. पी. गुप्ता और अजय श्रीवास्तव नीलू की अनुशंसा पर की है। जन परिषद के राष्ट्रीय संयोजक रामजी श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था पिछले 36 वर्षों से सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों में सक्रिय है। संस्था अब तक पर्यावरण पर 12 अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चुकी है और कई ऐतिहासिक संदर्भ ग्रंथों का प्रकाशन भी कर चुकी है। वर्तमान में इसके देशभर में 275 से अधिक एवं विदेशों में 7 चैप्टर सक्रिय हैं। संस्था प्रतिवर्ष उन व्यक्तियों को अलंकृत करती है जो समाज में रचनात्मक बदलाव और सुधार की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कैलाश प्रसाद अग्निहोत्री ने कहा जन परिषद ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए मैं संस्था का आभारी हूं। समाज की भलाई और रचनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाना ही मेरा संकल्प है। मैं जन परिषद के उद्देश्यों और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करूंगा।

श्री अग्निहोत्री की नियुक्ति पर जन परिषद बैतूल चैप्टर, मुलताई चैप्टर, बैतूलबाजार चैप्टर और भौंरा चैप्टर के सदस्यों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जन परिषद के अध्यक्ष एन. के. त्रिपाठी और संयोजक रामजी श्रीवास्तव के प्रति आभार व्यक्त किया है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी कैलाश प्रसाद अग्निहोत्री को बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनकी नियुक्ति से संस्था की गतिविधियों को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।