_सारनी के मोक्षधाम में धनेश्वर सिंह पवार की दो बेटियों ने किया क्रियाकर्म।_
सारनी। सतपुड़ा थर्मल पावर प्लांट के आरएओ कार्यालय में कार्यालय सहायक श्रेणी-2 पद से रिटायर हुए धनेश्वर सिंह पवार की अल्प बीमारी के बाद मृत्यु हो गई थी। शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार सारनी के मोक्षधाम में किया गया। यहां उनकी दो बेटियों ने उन्हें मुखाग्नि देकर बेटे का फर्ज निभाया। श्री पवार के कोई बेटा नहीं है।
एसबीआई कॉलोनी सारनी एवं मूलतः बालाघाट में रहने वाले धनेश्वर पवार कुछ दिनों से बीमार थे। गुरूवार 18 सितंबर को उनकी तबियत अचानक खराब हुई। परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय पॉवर जनरेटिंग कंपनी के अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार सारनी के पाटाखेड़ा स्थित मोक्षधाम में हुआ। यहां उनकी बेटी रूची पवार एवं प्राची पवार ने पिता को मुखाग्नि दी। दोनों बेटियों ने बताया कि उनका कोई भाई नहीं है, पिता के सारे अंतिम क्रियाकर्म वे दोनों ही करेंगी। अंतिम संस्कार में सारनी नगर के नागरिक, उनके रिश्तेदार समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर मृतात्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।







