*जनसेवा कल्याण समिति का वार्षिक अधिवेशन धूमधाम से आयोजित*

प्रमोद सूर्यवंशी

 

 

आमला। नगर के खानापुर रोड स्थित भवानी लॉन में जनसेवा कल्याण समिति का वार्षिक अधिवेशन बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राहुल ढेंडे सहित जिलेभर से आए पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष अजय गंगारे, वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र उपाध्याय, नीरज सोनी, मनोज वादवा, राजू मदान, चंद्रशेखर ठाकुर, यशवंत चिडोकर, शिवपाल गंगारे, पिंकी राजपूत, सागर चौहान, अमित यादव, अनिल सोनपुरे, नितिन ठाकुर और भावेश मालवीय विशेष रूप से मौजूद रहे। अध्यक्ष राहुल ढेंडे ने अपने उद्बोधन में बताया कि समिति ने पिछले एक वर्ष में रक्तदान शिविर, पशु सेवा, गरीबों की मदद और जनकल्याण संबंधी कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि यह अधिवेशन समिति द्वारा किए गए इन सभी कार्यों की समीक्षा का एक अवसर है ताकि भविष्य में और अधिक प्रभावी ढंग से योजनाओं को लागू किया जा सके। राहुल ढेंडे ने आगे कहा कि समिति के प्रयासों से समाज के जरूरतमंद तबके को लगातार मदद मिलती रही है और यही उद्देश्य आने वाले वर्षों में भी बरकरार रहेगा।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजय गंगारे का संकल्प

समिति के वार्षिक अधिवेशन में सर्वसम्मति से अजय गंगारे को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके नाम की घोषणा होते ही तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा पंडाल गूंज उठा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। गंगारे ने कहा कि समिति की छवि समाजसेवा में अग्रणी रही है और वे इस परंपरा को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वे समिति को जिले के हर गांव और शहर तक ले जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग जुड़ सकें। गंगारे ने यह भी कहा कि वे समाज के गरीब और जरूरतमंद वर्ग की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। अपने संबोधन में उन्होंने अध्यक्ष राहुल ढेंडे का आभार व्यक्त किया जिन्होंने उन पर विश्वास जताया और उन्हें यह दायित्व सौंपा। उन्होंने समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों से अपील की कि वे टीमवर्क की भावना से काम करें ताकि समिति की कार्यप्रणाली और अधिक सशक्त हो सके।

समिति के कार्य को और भी विस्तार देना है

अध्यक्ष राहुल ढेंडे ने अपने समापन भाषण में समिति के अब तक के कार्यों का बखान करते हुए भविष्य की रूपरेखा भी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि डेढ़ दशक से समिति ने रक्तदान, शिक्षा, चिकित्सा सहयोग, पशु सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में अनवरत कार्य किए हैं। अब समय आ गया है कि समिति के कार्य को जिला स्तर से भी आगे बढ़ाकर प्रांतीय स्तर तक ले जाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में समिति के सदस्यों को और अधिक सक्रिय किया जाएगा। इसके लिए आने वाले दिनों में प्रशिक्षण शिविर, जनजागरूकता अभियान और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राहुल ढेंडे ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल समाज की सेवा करना है और यह तभी संभव होगा जब सभी सदस्य मिलकर काम करेंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे भी समिति से जुड़कर समाजसेवा की इस मुहिम का हिस्सा बनें। अधिवेशन के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि समिति का हर सदस्य समाजहित में तन, मन और धन से सहयोग देने को सदैव तत्पर रहेगा।