*ग्राम भारती महिला मंडल में विधिक जागरूकता शिविर एवं खेल कूद प्रतियोगिता व सांस्कृतिक कार्यक्रम सम्पन्न*
ग्राम भारती महिला मंडल कार्यालय में विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल के सहयोग से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीमती शर्मिला बिलवार (सचिव, विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल) एवं संघप्रिया भद्रसेन (न्यायाधीश बैतूल) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
शिविर में बालिका गृह गौठाना एवं शक्ति सदन (स्वाधार गृह) की बालिकाओं को पॉक्सो अधिनियम, बाल अनुकूल सेवा, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, शिक्षा का अधिकार कानून आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शबनम शेख द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को भ्रमण हेतु शक्ति सदन (स्वाधार गृह) लाया गया, जहां जलपान उपरांत *बालिका गृह की बच्चियों को उम्र की श्रेणी में रखते हुए खेलकूद प्रतियोगिता जैसे खो – खो, चम्मच दौड़ एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। बच्चियों के उत्साह और प्रतिभा ने सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए।* इसके पश्चात अतिथियों ने संस्था कार्यालय में पहुँचकर ग्राम
भारती महिला मंडल की आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया, जिनमें स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित आचार फैक्ट्री, सैनिटरी पैड फैक्ट्री एवं अन्य उत्पादन इकाइयां शामिल थीं। सभी व्यवस्थाओं और स्वच्छता की मुख्य अतिथियों ने विशेष प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंतर्गत शक्ति सदन स्वाधार गृह में 5 माह के शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। यह संस्कार संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्रीमती नंदा सोनी एवं अधीक्षिका श्रीमती ज्योति बागड़े की उपस्थिति में संपन्न हुआ। संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल ने बालिका गृह एवं शक्ति सदन में निवासरत महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग और शिक्षा क्षेत्र में सहायता का आश्वासन दिया तथा मुख्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सुखाढाना स्थित फॉर्महाउस में सामूहिक भोजन के साथ हुआ, जहां बालिकाओं एवं महिलाओं और ने मिलकर
आनंदपूर्ण समय बिताया। उक्त कार्यक्रम में श्रीमती शर्मिला बिलवार (सचिव, विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल), श्रीमती संघप्रिया भद्रसेन (न्यायाधीश बैतूल), श्रीमती भारती अग्रवाल (अध्यक्ष, ग्राम भारती महिला मंडल), श्रीमती नंदा सोनी (कोषाध्यक्ष), श्रीमती ज्योति बागड़े (अधीक्षिका शक्ति सदन), श्रीमती सरला अनारोंव (अधीक्षिका बालिका गृह) नीलम निरापुरे (काउंसलर बालिका गृह) सहित संस्था के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







