बाटकीडोह (बैतूल)।
79वें स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2025) के अवसर पर बंग लोक भारती द्वारा ग्राम बाटकीडोह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से हरिशंकरी पौधारोपण कर पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे लगाए। इस मौके पर उपस्थित प्रदेश संयोजक संजीव राय ने कहा कि भाषा ही हमारी पहचान है। यदि किसी संस्कृति को समाप्त करना हो, तो सबसे पहले उसकी मातृभाषा को समाप्त करना पड़ता है। उन्होंने मातृभाषा की रक्षा, पर्यावरण की सुरक्षा और समाज की एकता पर बल दिया। कार्यक्रम में जिला संयोजक मधु मंगल सरकार, प्रदेश युवा प्रमुख रणवीर विश्वास, प्रदेश संपर्क प्रमुख राजेश सरकार, जिला प्रचार प्रमुख बापी बैन, जिला संस्कार संस्कृति प्रमुख चंचल वैद्य, जिला संपर्क प्रमुख दिवाकर हालदार और जिला सह संस्कार संस्कृति प्रमुख प्रशांत गाईन सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसी अवसर पर ग्राम में बांग्ला संस्कृति केंद्र की स्थापना की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य बांग्ला भाषा और संस्कार को पुनः स्थापित करना तथा भावी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है। इस केंद्र के संचालक नारायण चंद्र बल (जिला मातृभाषा प्रमुख), सह-संचालक गोपाल कृष्ण बरई एवं अनुराधा राय, संगीत शिक्षक गणेश चक्रवर्ती तथा शिक्षक प्रफुल्ल कुमार बाईंन, रविंद्र नाथ बडाल और बनमाला बरई रहेंगे। ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी के साथ संपन्न यह आयोजन बंग लोक भारती की सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने और मातृभाषा की गरिमा को पुनः स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हुआ।







