देशभर के 24 अल्पसंख्यक युवा उद्यमी”कलाम को सलाम”:कार्यक्रम में होंगे सम्मनित

 

पहल -अल्पसंख्यक युवाओं की नवाचार क्षमता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना

बैतूल।अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस 12 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा अपने विशेष अभियान”कलाम को सलाम” के तहत “डॉ. कलाम स्टार्टअप यूथ अवॉर्ड 2.0” का आयोजन करने जा रहा है। यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में सुबह 11 बजे शुरू होगा।अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीक़ी व बैतूल के जिलाध्यक्ष शारिक खान ने बताया कि यह पहल पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की प्रेरणादायक सोच और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “स्टार्टअप इंडिया” योजना से जुड़ी है। इसका उद्देश्य देशभर में अल्पसंख्यक युवाओं की नवाचार क्षमता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना है।इस वर्ष 16 जुलाई से 6 अगस्त तक ऑनलाइन नॉमिनेशन प्रक्रिया चलाई गई, इसमें देशभर के 22,300 अल्पसंख्यक युवाओं ने आवेदन किया। चयन प्रक्रिया को सात ज़ोन में बांटकर प्रत्येक ज़ोन से तीन युवाओं का चयन किया गया। इसके अलावा तीन प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर चुने गए। इस तरह कुल 24 युवा उद्यमियों को अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, केंद्रीय अल्पसंख्यक राज्य मंत्री जॉर्ज कोरियन, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी, राष्ट्रीय महामंत्री एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी दुष्यंत गौतम और मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीक़ी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस मौके पर मौजूद रहेंगे।